फतेहाबाद। हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने सांझा मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को डिपो में धरना दिया। प्रदर्शन का मुख्य कारण देय भत्तों का समय पर भुगतान न होना रहा। कर्मचारियों ने विभाग और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। प्रदर्शन के बाद महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता हनुमान वर्मा, राजकुमार बीघड़, विजय नागपुर और हर्ष डारा ने कहा कि चालक, परिचालक और अन्य स्टाफ विपरीत परिस्थितियों में भी जनता को ईमानदारी से सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद रात्रि ठहराव भत्ता 1 नवंबर 2024 से, ओवरटाइम का भुगतान 1 जनवरी 2026 से लंबित है। कई कर्मचारियों की लंबित एलटीसी ने उनकी आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव बढ़ा दिया है।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि परिवहन मंत्री अनिल विज ने 5 नवंबर 2024 को सभी महाप्रबंधकों को स्पष्ट आदेश दिए थे कि कर्मचारियों के वेतन, भत्ते, ओवरटाइम, एलटीसी और शिक्षा भत्ता समय पर दिए जाएं। बावजूद इसके स्थानीय स्तर पर बजट की कमी या कैप का बहाना बनाकर भुगतान रोका जा रहा है।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी जायज मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 25 जुलाई को प्रदेशभर के कर्मचारी परिवहन मंत्री के अंबाला छावनी स्थित आवास पर एकत्रित होंगे। इस अवसर पर संदीप जांडली, राजकुमार, जयवीर, वीरेंद्र, राजेश, रमेश, रंजीत, राजीव, संदीप, संजय, ईश्वर और राममेहर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।