फतेहाबाद। गांव भिरड़ाना से रजाबाद, अयाल्की और काताखेड़ी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे बारिश के पानी से मिट्टी का कटाव हो गया है। जिससे अब यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को हादसे होने का भय बना हुआ है।
स्थानीय निवासी राजेंद्र चंदेल, लक्ष्मण सिंह, गुरमीत, जसविंदर, प्रीतम और फतेह सिंह ने बताया कि बारिश का पानी इसी मार्ग से बहकर तालाब तक जाता है। हाल ही में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब की खोदाई तो की गई, लेकिन पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिसके चलते मिट्टी का कटाव हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अब हालत यह है कि सड़क की बर्म (किनारे की मिट्टी) पूरी तरह बह चुकी है। अगर जल्द ही मिट्टी नहीं डाली गई या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो सड़क को भी नुकसान पहुंच सकता है।
स्थिति देखकर ही बता पाउंगा। अगर हमारे विभाग का काम है तो हम करवा देंगे। सड़क की बर्म बनाना तो पीडब्ल्यूडी का ही काम है। उनके अधिकारियों से भी बात करूगां। जल्द ही समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
-देवेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज विभाग, फतेहाबाद।
यह पंचायती राज का ही काम है। हमारी सड़क पहले तो सुरक्षित थी। पानी निकासी का पंचायती राज विभाग की ओर से प्रबंध ठीक नहीं किया गया। इसके चलते बर्म टूटी है।
-गजेंद्र सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी, फतेहाबाद।