फतेहाबाद। गांव मताना में नए बस स्टैंड से डाइट तक जाने वाली आरआरसी रोड दो माह से बदहाल है। पेयजल पाइपलाइन डालने के लिए उखाड़ी गई सड़क की मरम्मत नहीं होने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पाइपलाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। इसके बावजूद सड़क को ठीक नहीं किया गया। गड्ढों और बिखरी मिट्टी के कारण वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत होती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
गांव मताना निवासी रोहताश, हरपाल, मोहनलाल और प्रेम कुमार ने बताया कि यह मार्ग केवल डाइट तक पहुंचने के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है। आसपास के कई गांवों और कॉलोनियों के लोग भी इसी रास्ते से फतेहाबाद शहर और नए बस स्टैंड तक पहुंचते हैं।
बीघड़, बनगांव और मताना के साथ स्वामी नगर के लोग रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सड़क की खराब स्थिति से उन्हें अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
विद्यार्थियों की बढ़ी परेशानी
डाइट मताना परिसर में जिले के राजकीय महाविद्यालय को भी शिफ्ट किया गया है। यहां सैकड़ों विद्यार्थी बीए, बीकॉम सहित विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं। नए बस स्टैंड से डाइट तक पहुंचने के लिए यह मार्ग सबसे छोटा और सुविधाजनक रास्ता माना जाता है। सड़क खराब होने से विद्यार्थियों का सफर मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की खराब हालत के कारण ऑटो और अन्य वाहन चालक भी इस रास्ते से गुजरने में परेशानी महसूस करते हैं। ऐसे में कई विद्यार्थियों को पैदल चलकर या लंबे वैकल्पिक रास्तों से डाइट तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे उनका समय भी अधिक लग रहा है।
-
पाइपलाइन डालने के बाद नहीं हुई सड़क की मरम्मत
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 10 वर्ष पहले करवाया गया था। करीब दो माह पहले गांव के जलघर से ढाणियों तक पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन डालने के उद्देश्य से सड़क को उखाड़ा गया था। पाइपलाइन डालने का काम पूरा हो चुका है लेकिन इसके बाद सड़क को दोबारा दुरुस्त नहीं किया गया। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द इस सड़क की मरम्मत करवाई जाए ताकि आवागमन सुचारु हो सके और विद्यार्थियों व वाहन चालकों को परेशानी से राहत मिल सके।
-
:: गांव के जलघर से ढाणियों तक पेयजल पाइपलाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। अब सड़क के निर्माण का कार्य करवाया जाएगा।
- दलबीर, सरपंच गांव मताना।
गांव मताना की डाइट की ओर नए बस स्टैंड की ओर जाने वाली सड़क की हालात। ग्रामीण