रतिया क्षेत्र के गांव खुनन निवासी दंपती की पंजाब के पटियाला जिले के पातड़ा शहर के पास निजी बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में मौत हो गई। दंपती अपनी बेटी को मिलने के लिए बाइक से जा रहे थे। गांव में इस घटना की सूचना पहुंचने के बाद परिजन व ग्रामीण पातड़ा पहुंचे। पंजाब पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। पंजाब पुलिस ने परिजनों के बयान पर निजी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो, तब मिली जानकारी : ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार गांव खुनन निवासी 55 वर्षीय बलवीर सिंह अपनी पत्नी 50 वर्षीय जिंदर कौर के साथ मोटरसाइकिल पर पंजाब के जिला संगरूर के गांव दुगा में अपनी बेटी से मिलने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह पातड़ा के पास पहुंचे तो वहां पर निजी बस के चालक ने बलवीर सिंह के मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे बलवीर सिंह पत्नी सहित सड़क पर जा गिरे। सड़क पर गिरते ही दोनों की मौत हो गई। इसके बाद इस एक्सीडेंट की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई। रतिया क्षेत्र में वीडियो पहुंचने पर मोटरसाइकिल के नंबरों के आधार पर मृतकों का गांव खुनन निवासी होना पाया गया। इसके बाद सरपंच, परिजन व कुछ ग्रामीण पुलिसिया कार्रवाई के लिए पंजाब के पातडा शहर में पहुंचे।
बेटी का कुछ समय पहले ही किया था विवाह : ग्रामीणों ने बताया कि बलवीर सिंह की दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी कुछ समय पहले ही संगरूर जिले के दुगा गांव में की थी। बलवीर सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। तीन-चार साल पहले जहरीला जीव काटने से उनका पैर भी खराब हो गया था।