फतेहाबाद। अग्रवाल कॉलोनी की गलियों में बिजली की तारे कम ऊंचाई पर लटकने के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। कई स्थानों पर तार इतनी नीचे हैं कि बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान उनके टकराने की आशंका बनी रहती है।
मोहल्लावासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हादसा हो सकता है। गलियों में बिजली के तारों का जाल बना हुआ है। कई जगह तार पुराने खंभों के सहारे अटकी हैं जबकि कुछ स्थानों पर तारों को अस्थायी तरीके से खींचकर रखा गया है। वाहनों की आवाजाही के दौरान तारों के हिलने से स्थिति और गंभीर हो जाती है जिससे स्पार्किंग होती है।
नए खंभे लगाकर बिजली लाइन की ऊंचाई बढ़ाने की मांग
मोहल्लावासी राकेश कुमार, रोहतास, अनिल और सतपाल ने बताया कि कॉलोनी में बिजली की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए खंभे लगाए जाने चाहिए। इसके बाद तारों को निर्धारित ऊंचाई पर व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए ताकि सड़क से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों को किसी तरह का खतरा न रहे। लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
बिजली निगम से बार-बार मिल रहा है आश्वासन
कॉलोनीवासी राकेश कुमार का आरोप है कि इस संबंध में बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। हर बार जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय निगम को पहले ही एहतियाती कदम उठाने चाहिए। बिजली निगम से मांग की है कि अग्रवाल कॉलोनी की गलियों में लटक रही बिजली की तारों का सर्वे कराया जाए। जहां जरूरी हो वहां नए बिजली के खंभे लगाए जाएं और तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए।
:: शहर में ढीली व पुरानी जर्जर तार को बदलने का काम सितंबर माह के अंत तक शुरू किया जाएगा। वहीं शहर की कई नई कॉलोनियों तक बिजली की आपूर्ति पहुंचाई जाएगी।
- रविंद्र, सिटी एसडीओ, बिजली निगम, फतेहाबाद।
शहर के भट्टू रोड के पास छत के नजदीक से गुजर रही बिजली की तारे। संवाद