फतेहाबाद। शहर की देवीलाल मार्केट में रविवार को लगने वाले सेकेंड हैंड दोपहिया वाहन बाजार में कारोबार तेज होता दिखाई दे रहा है। खरीदारों की मांग से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं और आने वाले दिनों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
करीब 20 वर्षों से लग रहे इस साप्ताहिक बाजार में रविवार को लगभग 350 पुराने दोपहिया वाहन बिक्री के लिए पहुंचे। व्यापारियों का अनुमान है कि इनमें से करीब 50 वाहनों के सौदे हो सकते हैं। सुबह से ही बाइक और स्कूटी खरीदने वाले ग्राहकों के साथ पुराने वाहन बेचने वाले भी बाजार में पहुंचे।
व्यापारियों का कहना है कि कम बजट में बेहतर विकल्प मिलने के कारण सेकेंड हैंड दोपहिया वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है। नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और मध्यमवर्गीय परिवारों का रुझान इस बाजार की तरफ बढ़ा है। इसी वजह से प्रत्येक रविवार को ग्राहकों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है।
व्यापारी आशीष, अनूप, सुभाष और मांगेराम ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह में स्कूटी और मोटरसाइकिल की मांग में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। माइलेज वाली बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदारों की पहली पसंद बने हुए हैं।
-
साप्ताहिक मेले में पहुंचे 350 के करीब वाहन
देवीलाल मार्केट में लगने वाला यह साप्ताहिक मेला न केवल शहर बल्कि आसपास के गांवों के खरीदारों के लिए भी मुख्य केंद्र बन गया है। संडे मेले में बजट सेगमेंट से लेकर प्रीमियम स्पोर्ट्स बाइक तक के विकल्प मौजूद हैं। कई स्थानीय डीलर्स मौके पर ही आसान किस्तों और न्यूनतम कागजी कार्रवाई के साथ लोन की सुविधा दे रहे हैं। इससे ग्राहक कम राशि में भी दोपहिया वाहन की खरीदारी कर सकते हैं। वहीं पुराने वाहन को बदलकर नया लेने की सुविधा ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया है।
20 सालों से भरोसे का प्रतीक है संडे मेला
शहर की देवीलाल मार्केट में करीब 150 दुकानें है जिसमें ऑटो रिपेरिंग, स्पेयर पार्ट और सीट मेकर की दुकानें हैं। देवीलाल मार्केट में पिछले 20 वर्षों से हर रविवार को संडे सेल लगती है। दुकानदार राजू, गगन सिंह, गंगाराम, छोटू और शंकरलाल ने बताया कि देवीलाल मार्केट में जिले सहित राजस्थान के ग्राहक भी नई व पुरानी बाइक खरीदने व बेचने आते हैं।