फतेहाबाद। लघु सचिवालय सभागार में शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक जिला समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मनदीप कौर ने समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के निपटान की समीक्षा की।
उपायुक्त मनदीप ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे जिला और उपमंडल स्तर पर आयोजित हो रहे समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निपटारा तत्परता और प्राथमिकता के आधार पर करें ताकि नागरिकों को कोई परेशानी न हो।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने उपमंडल में समाधान शिविरों की समीक्षा बैठकें आयोजित करें और शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लें।
समाधान शिविरों में आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ व्यवहार किया जाए, ताकि लोगों का विश्वास प्रशासनिक व्यवस्था में बना रहे।
उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष प्रत्येक वीरवार शाम तीन बजे तक अपनी शिकायतों का समाधान कर पोर्टल पर अवश्य अपलोड करें। यदि किसी शिकायत के समाधान में कोई परेशानी आती तो अधिकारी स्वयं अथवा अपने अधीनस्थ कर्मी को भेजकर तुरंत समाधान करवाएं।
बैठक में एडीसी अनुराग ढालिया, जिला परिषद के सीईओ सुरेश कुमार, डीएमसी संजय बिश्नोई, डीआरओ श्याम लाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उपनिदेशक अमित पंवार, एसडीएम प्रतीक हुड्डा, राजेश कुमार, सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।