फतेहाबाद। कृषि एवं कल्याण विभाग ने नकली खाद व बीज विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बीच एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। 28 सितंबर को गांव किरढ़ान में पकड़ी गई 394 बैग डीएपी खाद नकली है। खाद की सैंपल जांच रिपोर्ट में यह गड़बड़झाला सामने आया है।
इस नकली खाद के बैगों पर किसानों के बीच भरोसेमंद ब्रांड इफको का लोगो लगा हुआ था। इससे जिससे किसान आसानी से झांसे में आ सकते थे। फिलहाल खाद पुलिस की निगरानी में रखी गई है। पकड़े गए किरढ़ान निवासी आरोपी सुनील कुमार ने यह खाद कहां से हासिल की है इसकी जांच की जा रही है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि यह खाद राजस्थान के किसी इलाके से मंगवाई गई लग रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। जिले के भट्टू खंड के गांव किरढान में 28 सितंबर को कृषि एवं कल्याण विभाग की टीम ने छापा मारकर नकली डीएपी के 394 बैग पकड़कर हिसार लैब सैंपल भेजे थे।
बुधवार को इसकी रिपोर्ट सामने आई। इस रिपोर्ट के अनुसार खाद में फॉस्फोरस की मात्रा कम मिली है। ऐसे में खाद कृषि उपयोग के लिए अमानक है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब यह खाद पकड़ी गई थी तो इसके भंडारण को लेकर लाइसेंस या कोई अन्य वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी सुनील कुमार कोई कागजात नहीं दिखा पाया था।