फतेहाबाद। शहर की कबीर बस्ती में मोहल्ले के लोगों के द्वारा पकड़े गए नशा करने वाले युवक। संवा
फतेहाबाद। कबीर बस्ती में नशे के खिलाफ मोहल्लेवासियों का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। लोगों ने नशीला पदार्थ लेने पहुंचे पांच युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। शुक्रवार को भी लोगों ने 13 युवकों को पकड़ा था।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि बस्ती के दो-तीन घरों में नशीला पदार्थ की बिक्री होती है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में युवक नशीला पदार्थ खरीदने पहुंचते हैं। इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। बाहरी युवकों की आवाजाही से महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी होती है।
लोगों का आरोप है कि शनिवार को उन्होंने पुलिस को कई बार सूचना दी इसके बावजूद वे मौके पर समय पर नहीं पहुंचे। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने खुद युवकों को पकड़कर बैठा लिया और पुलिस के आने पर उन्हें सौंप दिया।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि नशीला पदार्थ की समस्या से परेशान होकर उन्होंने खुद मोर्चा संभाला है। वे बस्ती में नशीला पदार्थ की बिक्री और सेवन रोकने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार को पांच लोगों को डिटेन किया गया है। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास नशे की बिक्री या खरीदारी की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
-
बाइक पर आए युवकों के पैरों में लगा मिला इंजेक्शन
मोहल्लेवासियों ने एक गली में दो युवकों को पकड़कर बैठा रखा था कि इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर दो लोग आए। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने उनसे आने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि वह फतेहाबाद कोर्ट में तारीख पर आएं है। इस दौरान वह अपने दोस्त से मिलने के लिए इस मोहल्ले में आए हैं। इस पर मोहल्ले के लोगों ने उनकी तलाशी ली तो एक युवक ने पैर की नस में इंजेक्शन लगा रखा था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि केवल युवकों को पकड़ना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। जिन स्थानों पर नशीला पदार्थ की बिक्री हो रही है वहां सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फतेहाबाद। शहर की कबीर बस्ती में मोहल्ले के लोगों के द्वारा पकड़े गए नशा करने वाले युवक। संवा