गांव खासा पठाना के पुराने थेह के पास नरमा की फसल में टिड्डियों पर कृषि विभाग व किसानों ने कीटनाशक का छिड़काव करके काबू पा लिया है। पौधा संरक्षण अधिकारी डॉक्टर अनिल वीर ने मौके का निरीक्षण कर टिड्डियों को खत्म करनेे की पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। नोडल अधिकारी एवं नायब तहसीलदार मनोहर लाल व समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंडू, कृषि विभाग गोरखपुर के एडीओ डॉ घनश्याम सिहाग, नहला के एडीओ डॉक्टर शैलेंद्र भ्याण, खंड कृषि अधिकारी भूना रामफल नैन आदि ने भी किसानों की सहायता में महत्वपूर्ण किरदार निभाया। किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा टिड्डियों के खात्मे के लिए तत्परता से की गई कार्रवाई की सराहना की है।
मनरेगा मजदूरों ने झाड़ खुदाई किए तो मामला सामने आया
पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंडू व कृषि विभाग के एडीओ घनश्याम सिहाग ने बताया कि मनरेगा मजदूरों द्वारा खासा पठाना के थेह पर कंटीले झाड़ काटने के कारण टिड्डियों के बारे में पता लगा था। क्योंकि वहां पर हजारों की संख्या में टिड्डियों के बच्चे नरमे की पौधो को खा कर नष्ट कर रहे थे। जिसके बाद मनरेगा मजदूरों ने सरपंच राजेश उर्फ राजा को अवगत करवाया। सरपंच ने मौके का निरीक्षण करके मामले की सूचना पंचायत विभाग के अधिकारियों को दी। जिसके बाद कृषि विभाग के साथ-साथ एसडीएम को भी अवगत करवाया गया। कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो वह टिड्डियों के बच्चे थे। जिन पर कीटनाशक का छिड़काव करकेे उन्हें खत्म कर दिया।