शहीद चौक पर टूटी पड़ी टाइले। संवाद
टोहाना। शहर का प्रमुख शहीद चौक गणतंत्र दिवस से पहले ही बदहाल स्थिति में नजर आ रहा है। हिसार, चंडीगढ़ और फतेहाबाद मार्ग को जोड़ने वाले इस तिराहे पर चौक की ग्रिल और टाइलें टूटी पड़ी हैं, जबकि खुले पड़े बिजली तार हादसे को आमंत्रण दे रहे हैं। चौक में लगे फव्वारे लंबे समय से बंद हैं और चारों ओर उगी घास ने सुंदरता को पूरी तरह प्रभावित किया हुआ है।
कुछ दिन पहले एक ट्रक की टक्कर से चौक की ग्रिल और टाइलों को काफी नुकसान पहुंचा था, लेकिन नगर परिषद ने तब के बाद से अब तक इसकी मरम्मत की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर नलवा से विधायक रणधीर पनिहार टोहाना पहुंचेंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराने से पूर्व शहीद चौक पर स्थापित शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे।
चौक की बदहाली के बारे में जब नगर परिषद के अध्यक्ष नरेश बंसल से बात करनी चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। जबकि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी दीपक कुमार ने फोन ही नहीं उठाया।
कांग्रेस यूथ जिलाध्यक्ष ने उठाया बदहाली का मुद्दा
कांग्रेस पार्टी के यूथ जिलाध्यक्ष संजय ठरवा ने चौक की इस बदहाली पर प्रशासन और सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शहीदों को सम्मान देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन टोहाना का शहीद चौक ही उपेक्षा का शिकार है। चौक की टूटी ग्रिल, टाइलें, खुले पड़े बिजली के तार और बंद फव्वारों इसकी बदहाली दिखा रहे हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर कम से कम चौक की ओर ध्यान दिया जाए और इसकी मरम्मत व रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।