फतेहाबाद। डेरेवाल मोहल्ले में एक व्यक्ति की ओर से नशे के विरुद्ध दी गई शिकायत के बाद रात को उसके घर पर पथराव हो गया। पथराव के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत है। मोहल्लावासियों ने इसकी शिकायत रविवार को शिकायत शहर थाना में दी गई है। शिकायत के बाद शहर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नशे के खिलाफ काम करने वाली संस्था महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी भवानी सिंह को लोगों नशे के काम के बारे में जानकारी दी। भवानी सिंह ने टीम के साथ शनिवार दोपहर को डेरेवाल मोहल्ले में पहुंचे और पुलिस को भी अवगत करवाया। आरोप है कि शनिवार रात को जानकारी देने वाले व्यक्ति के घर पर पथराव किया।
इसके बाद रात को ही पुलिस वहां पर मौके पर पहुंची और जानकारी देने वाले व्यक्ति के घर के बाहर व उस मोहल्ले में पुलिस की तैनाती की गई। नाम न छापने की शर्त पर डेरेवाल मोहल्ले के निवासियों ने घर पर किए गए पथराव पर रोष जताया है।
भवानी सिंह ने कहा कि उन्हें पता है कि ये लोग हमारे ऊपर भी हमला करेंगे, पर हमें डरने की कोई जरूरत नहीं है। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि सार्वजनिक रूप से एक शिकायत प्राप्त हुई है। जिसके आधार पर कार्रवाई कर रहे है। पुलिस की ओर से उस जगह पर गश्त व निगरानी की जा रही है। क्षेत्र में नशे के कारोबार को नहीं पनपने दिया जाएगा, सख्त कार्रवाई होगी।