नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट में टैंक बदलने का काम करते इंजीनियर।
- फोटो : Fatehabad
जिला नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की मंगलवार शाम को टेस्टिंग शुरू हो गई। आज से अस्पताल में प्लांट से औपचारिक रूप से सप्लाई शुरू हो जाएगी। अस्पताल को अब सिलिंडरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्लांट से सीधा पाइप के जरिये बेड तक ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू हो जाएगी। मंगलवार देर शाम तक ऑक्सीजन प्लांट की टेस्टिंग को लेकर इंजीनियर जुटे रहे। इससे पहले सुबह इंजीनियरों ने लीकेज टैंक को बदलने का काम शुरू कर दिया था। शाम को टैंक बदलने का काम पूरा होने के बाद टेस्टिंग का काम शुरू किया गया।
इंजीनियरों ने बताया कि टेस्टिंग का काम पूरा होने के बाद बुधवार से औपचारिक रूप से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन को लेकर मची मारामारी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने जिला नागरिक अस्पताल में 500 एलपीएम का प्लांट लगाने की घोषणा की थी। करीब डेढ़ माह पहले प्लांट लगाने के लिए ढांचा तैयार कर लिया गया था, लेकिन देहरादून से प्लांट आने में दूरी के कारण काम लटका रहा। अब पिछले सप्ताह प्लांट आने के बाद इसे लगाने का काम शुरू किया गया है।
कोट
ऑक्सीजन प्लांट में लीकेज टैंक को बदल दिया गया है। इसकी टेस्टिंग की जा रही है। बुधवार से औपचारिक रूप से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
- अरविंद सिंह, इंजीनियर, ऑक्सीजन प्लांट।