फतेहाबाद। तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों की पांच दिन बाद हड़ताल मंगलवार शाम समाप्त होने से आमजन को बड़ी राहत मिली है। जिलेभर में हड़ताल के चलते 480 से अधिक रजिस्ट्रियां लंबित पड़ी थीं, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के स्टांप व पंजीकरण शुल्क का नुकसान हो रहा था।
मंगलवार को रजिस्ट्री के लिए 27 टोकन काटे गए, जिनमें से डीआरओ द्वारा 11 रजिस्ट्रियों को ही मंजूरी मिल सकी। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार से रजिस्ट्री कार्य में तेजी आने की संभावना है। हड़ताल के कारण जमीनों की खरीद-फरोख्त, इंतकाल (नामांतरण) और अन्य राजस्व कार्य ठप पड़े थे।
साथ ही युवाओं के रिहायशी, आय व जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाने से हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की सरकारी भर्तियों के आवेदन भी प्रभावित हो रहे थे। विवाह पंजीकरण के लिए आए कई जोड़ों को भी बिना काम कराए लौटना पड़ा।