फतेहाबाद। शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर नकेल कसने के लिए पुलिस विभाग सख्त कदम उठाने जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि शहर की मुख्य जगहों पर नो पार्किंग जोन के बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके बावजूद यदि कोई वाहन चालक वहां गाड़ी खड़ी करता पाया गया तो उसका वाहन जब्त किया जाएगा।
पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने कहा कि अतिक्रमण रोकने के लिए नगर परिषद को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रीखाटू श्याम मंदिर की शोभा यात्रा के दौरान महिलाओं के कानों से सोने की बालियां चोरी होने की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे बरामदगी भी की है।
एसपी ने बताया कि रतिया क्षेत्र में एनएच-10 पर मिले महिला के शव मामले में तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें भिवानी से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं रतिया स्थित अमर क्लीनिक पर एएनसी सेल व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कमर्शियल मात्रा में नशीली दवाइयों की बरामदगी के साथ तीन डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नशे की सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है। जिलेभर में खाली प्लॉटों और खंडहर इमारतों की नियमित चेकिंग की जा रही है व यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित मालिक को नोटिस जारी किया जाएगा।
43 नशा तस्करों की संपत्ति अटैच
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब तक 43 नशा तस्करों की करीब 8.15 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति अटैच की जा चुकी है और आगे की कार्रवाई के लिए सूची तैयार की जा रही है।