रतिया। बार एसोसिएशन में वकीलों की संख्या लगातार बढ़ने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी गंभीर समस्या बन हुई है। वर्तमान में रतिया बार एसोसिएशन में पंजीकृत वकीलों की संख्या 476 तक पहुंच चुकी है, लेकिन कोर्ट परिसर में केवल 66 चैंबर उपलब्ध हैं।
चैंबरों की कमी के कारण कुछ स्थानों पर दो-दो वकीलों को एक ही चैंबर आवंटित किया गया है, जबकि 300 से अधिक वकील खुले आसमान के नीचे अपना काम करने को मजबूर हैं। इस समस्या का सीधा असर उनके कामकाजी माहौल और मुवक्किलों की सुविधाओं पर पड़ रहा है। सर्दी, भीषण गर्मी और बारिश के मौसम में खुले स्थान पर बैठकर काम करना वकीलों के लिए अत्यधिक कठिन हो गया है।
इसके साथ ही, कानूनी दस्तावेजों और फाइलों को सुरक्षित रखना भी उनके लिए एक बड़ी चुनौती है। बार सदस्य इस स्थिति के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द पर्याप्त चैंबर और अन्य बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने की मांग कर रहे हैं, ताकि वकील और मुवक्किल दोनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बार ने भेजी है लिखित मांग
बार प्रधान वेद कंबोज ने बताया कि अधिवक्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पहले भी चैंबरों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा चुकी है। वर्तमान में बार में 476 अधिवक्ता हैं, जबकि चैंबरों मात्र 66 हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन के माध्यम से हाईकोर्ट प्रशासन को लिखित मांग भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। इसके अलावा कोर्ट परिसर और मिनी सचिवालय पास होने के बावजूद यहां बैंक शाखा, एटीएम और स्थायी बस स्टैंड जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इससे अधिवक्ताओं और आमजन दोनों को आवागमन में रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बार ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि चैंबरों का विस्तार कर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं।
अधिवक्ताओं ने रखी अपनी पीड़ा
लंबे समय से प्रशासन और संबंधित विभागों से नए चैंबरों के निर्माण की मांग की जा रही है। किसी भी अधिवक्ता के लिए मुवक्किल से गोपनीय चर्चा और केस की तैयारी के लिए सुरक्षित स्थान अत्यंत आवश्यक होता है।
-एडवोकेट विपिन मंगला
-
खुले में बैठकर काम करना न केवल असुविधाजनक है, बल्कि इससे पेशे की गरिमा और कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है। प्रशासन को अधिवक्ताओं के लिए जल्द चैंबर बनवाने चाहिए।
-एडवोकेट नरेंद्र गुर्जर
बार में अधिवक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उपलब्ध चैंबर बहुत कम हैं। मजबूरी में दो-दो अधिवक्ताओं को एक चैंबर दिया जा रहा है, इसके बावजूद भी 300 से अधिक अधिवक्ता खुले में बैठकर काम रहे हैं।
-एडवोकेट नवरात बाटू।
-
बार परिसर में चैंबरों की कमी के चलते महिला अधिवक्ताओं को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या को प्राथमिकता देने की मांग की, ताकि अधिवक्ताओं को भी सुविधा मिल सके।
-एडवोकेट संजय मजोका।