फतेहाबाद/रतिया। हत्या और दुष्कर्म के आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का निवासी आजाद नगर को पुलिस ने मंगलवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भाखड़ा नहर पुल, गांव नंगल के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने के प्रयास में पैर में गोली लगने से घायल हुआ था।
थाना सदर रतिया के प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि एएसआई रघुवीर सिंह को सूचना मिली थी कि आरोपी पंजाब से बाइक पर फतेहाबाद की ओर आ रहा है और उसके पास अवैध हथियार हैं। नाकाबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक बाइक प्लेटिना, देसी पिस्तौल .32 बोर, एक 9 एमएम पिस्तौल, कारतूस और एक बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद हुई। रतिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फायरिंग और हथियार रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।