बार एसोसिएशन के चुनावों को लेकर रिटर्निंग अधिकारी को पत्र सौंपते सदस्य।
फतेहाबाद। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव 28 फरवरी को होंगे। इसके पूर्व निर्वाचन अधिकारी ज्ञानप्रकाश तरड़ ने घरेलू कार्यों के कारण पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद बुधवार को बार परिषद में प्रधान प्रदीप बेनीवाल की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इसमें चुनाव समिति के अन्य छह सदस्यों में से राकेश गर्ग को निर्वाचन अधिकारी चुना गया। अब राकेश गर्ग की अध्यक्षता में यह चुनाव होंगे।
बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप ने चुनाव के लिए 633 एडवोकेट के नामों की मतदाता सूची निर्वाचन अधिकारी राकेश गर्ग को सौंप दी। अपना पद संभालते ही राकेश ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। इसके तहत 10 और 11 फरवरी को दोपहर दो बजे से चार बजे तक नामांकन किया जाएगा। नामांकन वापसी 13 फरवरी को होगी। इस चुनाव के लिए 28 फरवरी को सुबह 10 बजे से 4:30 बजे तक मतदान होगा। इसमें दोपहर एक बजे से 1:30 तक भोजन का समय होगा। मतदान की समाप्ति के बाद उसी शाम को ही चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। बैठक में एडवोकेट आरएस चतर्थ, प्रेम परमजीत कौर, राजेश गांधी, कमलेश वशिष्ठ, महेंद्र बागड़िया, एडवोकेट अनुज आनंद आदि मौजूद थे।