भूना (फतेहाबाद)। दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजे आते ही भूना के गांव नहला में भी जश्न का माहौल हो गया और ढोल नगाड़े बजने शुरू हो गए। दरअसल, दिल्ली की हरिनगर विधानसभा सीट से विधायक बनीं राजकुमारी ढिल्लों मूल रूप से गांव नहला निवासी हैं। गांव की बेटी के विधायक बनने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। हालांकि राजकुमारी ढिल्लों का परिवार 50 साल पहले ही दिल्ली में शिफ्ट हो गया था, लेकिन बीच में कभी वो परिवार सहित गांव में परिजनों से मिलने अवश्य आते रहे हैं। राजकुमारी ढिल्लों ने इस सीट से भाजपा के दिग्गज नेता तेजेंद्रपाल सिंह बग्गा को हराया है।
विधायक बेटी ने चचेरे भाई को खुद फोन कर दी जीत की सूचना
दिल्ली की हरिनगर विधानसभा सीट से विधायक बनी राजकुमारी ढिल्लों के चचेरे भाई मंगतराम गांव नहला में ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को चुनाव नतीजे आने के बाद उनकी बहन राजकुमारी का खुद से फोन आया और उसने जीत की खबर दी। इसके बाद उन्होंने अपनी बहन को बधाई दी और जल्द गांव में आने का न्योता दिया। मंगतराम का कहना है कि विधायक राजकुमारी ढिल्लों ने अगले माह गांव में सपरिवार आने की बात कही है।
पांच दशक पहले दिल्ली में लगी पिता की नौकरी तो पूरा परिवार हुआ शिफ्ट
मंगतराम ने बताया कि 50 साल पहले राजकुमारी के पिता तेलुराम की दिल्ली में लिपिक के पद पर नौकरी लगी थी, जिसके बाद वो अपने परिवार सहित दिल्ली के हरिनगर शिफ्ट हो गए थे। इसके बावजूद वो और उनका परिवार नियमित रूप से गांव में आता रहा। मंगतराम ने बताया कि राजकुमारी की पांच एकड़ जमीन एवं पुश्तैनी घर आज भी गांव में है, जिसकी देखरेख उनके जिम्मे है।
कांग्रेस की पार्षद थी राजकुमारी, टिकट घोषणा के 24 घंटे पहले शामिल हुई थी आप में
विधायक राजकुमारी ढिल्लों के भाई मंगतराम ने बताया कि राजकुमारी की गिनती हरिनगर विधानसभा की वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में होती थी। वो इस सीट से नगर निगम की सदस्य भी रह चुकी हैं। इस सीट से पहले आम आदमी पार्टी के ही जगदीप सिंह विधायक थे, लेकिन इस बार पार्टी ने उनका टिकट काटकर महज 24 घंटे पहले पार्टी में शामिल हुई राजकुमारी को थमा दिया था, जिन्होंने 37 हजार से अधिक वोट लेकर भाजपा के तेजिंद्रपाल बग्गा को हराया है।
गांव नहला में उनके चचेरे भाई मास्टर मंगतराम के घर मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार करती महिलाएं- फोटो : Fatehabad
दिल्ली की हरिनगर विधानसभा सीट से विधायक बनीं राजकुमारी।- फोटो : Fatehabad