भूना। लहरिया गांव की गली में जलभरावस्त्रोत ग्रामीण
भूना। लहरिया गांव में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद से हालात बेहद खराब हो गए हैं। इंदाछोई रोड और बुवान कोठी रोड एरिया में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। करीब 50 से ज्यादा घरों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इंदिरा गांधी एवं महात्मा गांधी रिहायशी कॉलोनी में रहने वाले मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खंड विकास पंचायत अधिकारी ऋषभ सिंगल व ग्राम सचिव राजेश कुमार शर्मा तथा सुशील कुमार और बिजली निगम के एसडीओ अमित कुमार ने जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। 33 केवी का बिजली घर भी पानी की चपेट में आ गया है, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ग्राम पंचायत की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
मनरेगा के तहत कार्यरत मजदूरों की मदद से पानी के बहाव को गांव, स्कूल, बिजली घर और आबादी वाले इलाकों की ओर बढ़ने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। मिट्टी से भरे बैगों की मदद से जल रोकथाम के उपाय किए जा रहे हैं।
सरपंच अरुणा नेहरा की अगुवाई में 50 से अधिक प्रभावित परिवारों को कम्युनिटी सेंटर और अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों के लिए खाने-पीने और रहने की व्यवस्था की गई है। सरपंच प्रतिनिधि जगदीश नेहरा ने बताया कि बारिश का पानी इंदाछोई की दिशा से लहरिया गांव में आया है।
400 एकड़ में भरा पानी
लहरिया और रहनखेड़ी के आसपास करीब 400 एकड़ में पानी फैल चुका है, जिससे खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। प्रभावित कॉलोनियों में लोग बाल्टियों की मदद से घरों से पानी बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। बस स्टैंड एरिया, इंदाछोई रोड और बुवान कोठी रोड पर 3 फुट से अधिक पानी जमा है।