फतेहाबाद। सावन बीतने के बाद आखिरकार जिले में एक बार फिर इंद्रदेव की मेहरबानी हुई। शनिवार अलसुबह से शुरू हुई बारिश पूरे दिन जारी रही। राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार फतेहाबाद में शनिवार को 13 एमएम, टोहाना में 23 एमएम और रतिया में 17 एमएम बरसात हुई। इतना ही नहीं, रविवार को बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना विभाग ने जताई है। इस बरसात से बेशक लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन वहीं पर जलभराव की समस्या एक बार फिर गहराने से लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। उधर भूना में बारिश के चलते बीडीपीओ कार्यालय में भी जलभराव हो गया जिसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
फतेहाबाद शहर की बात की जाए तो शनिवार की बारिश के चलते शहर के अनेक इलाकों में जलभराव हो गया। जिसके चलते वाहन चालकों और पैदल जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को एक साथ तेज बारिश नहीं आई बल्कि सारा दिन रूक-रूक कर होती रही। फतेहाबाद के विभिन्न इलाकों जैसे बीघड़ रोड, थाना रोड, सिविल अस्पताल रोड, एमसी कालोनी, सिटी हाईवे, वाल्मीकि चौक, धर्मशाला रोड, जवाहर चौक आदि में जलभराव रहा। इसके अलावा अन्य कई इलाकों में भी जलभराव के चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भट्टू और फतेहाबाद के सरकारी अस्पतालों के गेट पर ही दो-दो फीट पानी एकत्रित होने के चलते बीमार लोग उपचार के लिए भी परेशान होते दिखे।
किसानों के चेहरे खिले
उधर पिछले कई दिनों से परेशान चल रहे किसानों के चेहरे भी बारिश होने के बाद खिल गए। पिछले कुछ दिनों से बेहद मामूली बारिश होने से किसानों को अपनी फसल की चिंता सता रही थी, लेकिन शनिवार की बरसात ने एक बार फिर उनके चेहरे पर मुस्कान ला दी। जिले में एक लाख हेक्टेयर से अधिक धान की रोपाई की गई है, ऐसे में बारिश ना होने से किसानों को इसकी भरपाई अपने स्तर पर सिंचाई करनी पड़ती, लेकिन बारिश होने से अब उनके लिए मुश्किल आसान हो गई।
टोहाना में घरों और दुकानों में घुसा पानी
टोहाना। शनिवार को बारिश के चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के अनेक निचले स्थलों पर पानी जमा हो गया, बारिश के चलते अनेक वाहन बीच में बंद हो गए और लोगों को घरों से पानी निकालते हुए देखा गया। लोगों ने प्रशासन से उनकी समस्याओं के शीघ्र हल करने की मांग की। शनिवार को दोपहर लगभग दो बजे बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली तथा शहर के अनेक मुख्य मार्गों पर जलमग्न होने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। शहर के रतिया रोड, जमालपुर रोड, डांगरा रोड, हिसार रोड पर पानी जमा हो गया। निकासी न होने के चलते नागरिक अस्पताल, बस स्टैंड व सदर थाना के नजदीक बारिश का पानी जमा हो गया। बारिश का पानी जमालपुर रोड की दुकानों में घुस गया इससे दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित हुई। दुकानदार कुलदीप, रमेश व अन्य ने बताया कि पिछले लगभग कई सालों से बरसात के पानी की निकासी न होने के चलते उनकी दुकानों के आगे दो-दो फुट पानी जमा हो जाता है। पानी जमा होने से उनकी दुकानों में ग्राहक नहीं आ पाते तथा वे पूरा दिन खाली बैठकर घर चले जाते है। उन्होंने बताया कि अनेक बार कई दुकानों में पानी घुसने के चलते दुकान में रखा सामान भी नष्ट हो जाता है।
रतिया में जलभराव से लोग परेशान
रतिया। रतिया क्षेत्र में शनिवार को दिनभर आई बारिश से शहर के बाजारों व गलियों में एक बार फिर नगरपालिका की लापरवाही के चलते पानी भर गया। जिसके कारण शहरवासियों में नपा प्रशासन के प्रति भारी रोष है। शनिवार को सुबह बारिश के शुरू होते ही जहां मौसम में एक दम परिवर्तन हो गया वही नगरपालिका द्वारा शहर में पानी की निकासी का कोई इोस हल नही किए जाने के कारण एक बार फिर आई बारिश के कारण मेन बाजार में पानी लबालब हो गया तो वहीं शहर के शक्ति नगर, मढ़ कॉलोनी, टिब्बा कॉलोनी सहित अनेक गलियों में पानी जमा हो गया व मेन बाजार की कई दुकानों व गलियों में कई मकानों में पानी अंदर तक चला गया। जिसके कारण आमजन को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। शनिवार सुबह से ही बारिश के आने के बाद शहर के बुढ़लाडा रोड, मेन बाजार, टोहाना रोड पर फैली गंदगी और बारिश के कीचड़ से काफी बाजारों में काफी अव्यवस्था हो गई व बाद में हुई तेज बरिश ने शहरवासियों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया व दोपहर तक मेन बाजार सहित शहर के निचले क्षेत्र की गलियों में पानी भर गया। जिसके कारण लोगों में नपा प्रशासन के खिलाफ रोष फैल गया।