फतेहाबाद। जिले में मंगलवार को प्री-मानसून की पहली बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के शहर की बारिश के पानी की निकासी व्यवस्था की भी पोल खोलकर रख दी। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। करीब डेढ़ घंटे तक पानी की निकासी नहीं हो पाई। इससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की। फतेहाबाद का अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के दौरान शहर के जवाहर चौक, थाना रोड, हिसार रोड, सिरसा रोड, बीघड़ रोड, पुरानी कोर्ट रोड, एमसी कॉलोनी, भंबाराम कॉलोनी, नहर कॉलोनी और भट्टू रोड सहित कई क्षेत्रों में सड़कों और गलियों में पानी भर गया।
कई स्थानों पर बारिश का पानी सड़क पर जमा होने से यातायात प्रभावित रहा। विशेष रूप से पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। जलभराव के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि कई वाहन चालक फिसलन और जलभराव के चलते परेशान दिखाई दिए।
:: जनस्वास्थ्य विभाग ने मानसून में जलभराव के प्रबंधन पर खर्च किए हैं 24 करोड़ रुपये
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक परियोजना पर कार्य किया है। इस योजना के तहत शहर में नई पाइप लाइनें बिछाई गईं तथा पानी की निकासी के लिए पंपिंग सेट स्थापित किए गए। इसके अलावा सीवरेज प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पाइप लाइनों पर विशेष रासायनिक परत (केमिकल लाइनिंग) भी चढ़ाई गई थी। विभाग का दावा था कि इस परियोजना से शहर के निचले और संवेदनशील क्षेत्रों से बरसाती पानी की त्वरित निकासी सुनिश्चित होगी। हालांकि मंगलवार को हुई पहली ही बारिश में यह व्यवस्था अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी।
शिवालय मार्केट में सीएनजी पाइप लाइन के कारण धंसी सड़क
फतेहाबाद। शहर से गुजर रही सीएनजी पाइपलाइन को दबाते समय लापरवाही सामने आई है। हिसार रोड स्थित शिवालय मार्केट के पास सीएनजी पाइपलाइन वाली जगह से सड़क धंसने का मामला सामने आया है। सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
फतेहाबाद। शहर के जवाहर चौक में बारिश के बाद हुए जलभराव से गुजरते हुए। संवाद