जाखल रेलवे स्टेशन का दौरा करते महाप्रबंधक आशुतोष।
- फोटो : Fatehabad
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गनघल बुधवार को जाखल रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने 40 मिनट तक रेलवे स्टेशन पर मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ दिल्ली मंडल रेलवे के डीआरएम एससी जैन सहित बड़े अधिकारी मौजूद रहे। अपनी विशेष ट्रेन से महाप्रबंधक दोपहर 2 बजे जाखल स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने पहले रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, इसके बाद चालक परिचालक विश्रामगृह का भी दौरा किया।
पत्रकारों से बातचीत में महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे धीरे धीरे ट्रेनों को शुरू कर रहा है। एक साथ ट्रेनों के शुरू करने से रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाएगी। इसको देखते हुए धीरे धीरे ही ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। नॉर्दर्न रेलवे की ओर से सोमवार को 35 नई ट्रेनों को शुरू किया गया है। जल्द ही लोगों को सामान्य टिकट पर ट्रेन यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
चालक परिचालक विश्राम गृह देखकर खुश हुए जीएम, 25 हजार का दिया इनाम : महाप्रबंधक ने चालक परिचालक विश्राम गृह में निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक समय लगाया। उन्होंने कहा कि अगर सभी को सुरक्षित यात्रा करनी है तो चालक एवं परिचालक का स्वस्थ एवं तंदुरुस्त होना बेहद जरूरी है। इसके लिए उन्हें बेहतर माहौल देना होगा। उन्होंने यहां की बेहतरीन कार्यप्रणाली एवं रखरखाव से प्रभावित होकर 25 हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की। इसके लिए उन्होंने स्टेशन प्रभारी की सराहना भी की। इस मौके पर जाखल स्टेशन अधीक्षक सुनील दत्त, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रीतम नोनीवाल, पीडब्ल्यूआई सीएस शर्मा, निर्माण विभाग अभियंता वीरेंद्र सिंह, निरीक्षक एसके मिश्रा भी मौजूद रहे।