जाखल रेलवे अधिकारियों के शराब पीने के दौरान वायरल वीडियो का दृश्य ।
- फोटो : Fatehabad
जाखल (फतेहाबाद)। जाखल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चालक-परिचालक कार्यालय में अधिकारियों द्वारा शराब पीने का मामला सामने आया है। अधिकारियों द्वारा कार्यालय के अंदर ही शराब पीकर नशे में धुत्त होने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीरवार को रेलवे के सीनियर डीएमई राजेश कुमार कौशिक ने दौरा कर कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। हालांकि संबंधित अधिकारी ने यहां के दौरे को नियमित जांच बताया, लेकिन माना जा रहा है कि कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शराब पीने के मामले में अधिकारियों को मिली जानकारी के बाद ही उन्होंने यह जांच की है। इसके बाद डीएमई ने वायरल वीडियो के मामले में सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
जाखल रेलवे स्टेशन पर वीरवार को दिल्ली से पहुंचे सीनियर डीएमई राजेश कुमार ने चालक- परिचालक कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने गार्ड व चालकों को उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया। उन्होंने वहां पर कोरोना संक्रमण के तहत सामाजिक दूरी व अन्य सावधानियां बरतने के सख्त निर्देश दिए।
वहीं रेलवे गार्ड व चालकों के लिए दी जाने वाली खान-पान की सुविधाएं व अन्य रेस्ट रूम का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर वायरल वीडियो, जिसमें कार्यालय के ही पदाधिकारियों द्वारा रात को शराब पीने की बात पर उन्होंने संज्ञान लेते हुए कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसकी जांच करवाई जाएगी। इस मौके पर रेलवे ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रीतम नोनीवाल, स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार, विद्युत विभाग के एसएससी सुधीर कुमार, एसके मिश्रा सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।