फतेहाबाद। सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा ने बुधवार को जिला परिषद के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा बैठक में शहर की सफाई मुद्दा भी उठा। सैलजा ने कहा कि शहर में सफाई नहीं है, कचरे के ढेर लगे हैं, ग्रीन बेल्टों पर कब्जा है। स्वच्छ भारत मिशन में कुछ नहीं बचा कहा जाए तो ठीक है। इस बात का राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने भी समर्थन किया और कहा कि शहर से सुंदर तो गांव हैं। बैठक में डीएमसी संजय बिश्रोई ने कहा कि सफाई करवाई जा रही है और ठेके पर काम दिया गया है।
इस बात पर विधायक बलवान सिंह ने कहा कि पार्कों को संस्थाओं को गोद दिया गया है तो कुछ सफाई है नहीं तो उनका भी बुरा हाल होगा। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, फतेहाबाद विधायक बलवान सिंह, रतिया विधायक जरनैल सिंह, टोहाना विधायक परमवीर सिंह मौजूद रहे।
डिवाइडर निर्माण की होगी जांच :
बैठक में शहर के हिसार-सिरसा रोड पर बनाए जा रहे डिवाइडर निर्माण का भी मुद्दा उठा। सैलजा ने कहा कि पुरानी ग्रिल को दोबारा लगाया जा रहा है। इसको लेकर जांच करवाई जाए। मलबा भी मौके पर छोड़ा जा रहा है।
हाईवे पर माजरा रोड पर नहीं बनेगा पुल :
सांसद कुमारी सैलजा ने बैठक में नेशनल हाईवे ऑथोरिटीज के अधिकारियों से जवाब मांगा कि अब तक मरम्मत का काम क्यों शुरू नहीं हुआ है। ड्रेन टूटी हुई है। इस पर अधिकारियों ने कहा कि काम हिसार की तरफ से शुरू हो चुका है। ड्रेन सिस्टम को भी ठीक किया जाएगा।
बैठक में माजरा रोड पर पुल की मांग रखी गई। अधिकारियों ने कहा कि दोनों तरफ से 300 मीटर का अंतर होना चाहिए लेकिन स्थिति ये है कि 150 मीटर से भी कम है, इसलिए पुल नहीं बन सकता है। सैलजा ने माजरा रोड पर लाइट लगवाने के निर्देश दिए।
विधायक ने रखी पुल की मांग
विधायक बलवान सिंह ने कहा कि अनाजमंडी से दौलतपुर जाने वाले मार्ग के बीच हाइवे गुजरता है इस पर पुल बनाया जाए। अधिकारियों ने कहा कि ट्रैफिक कम है और हादसे भी नहीं हुए है। इस पर विधायक ने हादसे गिनवाने शुरू किए। इसके अलावा सांसद ने हिसार-फतेहाबाद-सिरसा रेलवे लाइन के बारे में पूछा तो अधिकारियों के पास इसको लेकर कोई जवाब नहीं था।
-
अंडरपास के लिए मांगे 4 करोड, बराला बोले- पहले कम क्यों मांगे
बैठक में रेलवे विभाग ने जाखल में बनाए जा रहे रेलवे अंडरपास के काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस पर अधिकारियों ने कहा कि चार करोड़ बजट की जरूरत है। इस पर बराला ने कहा कि पहले 11 करोड़ मिल चुके हैं ऐसे में पहले कम क्यों मांगे गए थे।
अल्फा सिटी में एचएसवीपी और जनस्वास्थ्य विभाग ने पानी देने से किया इन्कार :
शहर के अल्फा सिटी में ट्यूबवेल पानी के सप्लाई का मुद्दा उठा। इस पर सांसद ने अधिकारियों से कहा कि कंपनी ने अनुबंध के दौरान कहा था कि खुद सप्लाई देंगे। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया कि एचएसवीपी बताएगा। इस पर सांसद ने हिसार में निजी कंपनी पर हुई कार्रवाई का हवाला देते हुए डीटीपी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में ये भी उठे मुद्दे
गांव भिरड़ाना में पेयजल सप्लाई का मुद्दा उठा। अधिकारियों ने कहा कि पहले समाधान किया गया है। विधायक परमवीर सिंह ने टोहाना में बाईपास के निर्माण की मांग रखी। इस पर सैलजा ने अधिकारियों से कहा कि पहले भी ये मुद्दा उठा है। इस पर अधिकारियों ने कहा कि एनएचएआई को पत्र लिखा गया था जबकि ये काम लोक निर्माण विभाग का है। विधायक बलवान सिंह ने कहा कि गांव भोड़ा होशनाक में बस नहीं रुकती है। इस पर अधिकारियों ने कहा कि लंबे रूट की बसें नहीं रुकती है, लोकल की बसें रुक रही हैं। विधायक परमवीर सिंह ने गांव कन्हड़ी में बस न चलने का मुद्दा उठाया। रोडवेज अधिकारियों ने कहा कि कुछ दिन के लिए बंद की गई थी। रतिया के विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि ग्राम सड़क योजना के तहत जो बनी हैं वह दो साल में टूट रही हैं। सांसद ने जांच के निर्देश। जरनैल सिंह ने कहा कि रतिया-बुडलाढा रोड पर बना पुल पुराना हो चुका है उसे नया बनाए जाए। रतिया से टोहाना रोड को भी चौड़ा किया जाए। गोरखपुर में बिजली सप्लाई का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने कहा कि यहां पर 27 फीसदी लाइन लॉस है और रिकवरी भी 50 प्रतिशत है। ग्रामीण सहयोग नहीं कर रहे है। सैलजा ने यहां तक कहा कि गोरखपुर अणु संयंत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लिया जा रहा है, यहां के हालात तो ऐसे नहीं होने चाहिए। बैठक में सांसद ने एसपी ने नशे को लेकर की गई कार्रवाई पर कहा कि क्या प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि नशे को लेकर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। टोहाना विधायक ने किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने का मुद्दा उठाया। इस पर अधिकारियों ने कहा कि एक हजार से ज्यादा कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया जारी है। जाखल रेलवे स्टेशन पर एटीएम और बंद पड़े आरक्षण खिड़की शुरू करने के निर्देश दिए।
-
बैठक में सैलजा बोली, मुद्दों पर काम क्यों नही होता :
बैठक शुरू होते ही सांसद कुमारी सैलजा ने पिछले एजेंडों को लेकर समीक्षा की। इस दौरान अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने लगे। इस पर सैलजा ने कहा कि यहां जो मुद्दे उठे, उस पर काम होना चाहिए। अगर कोई दिक्कत है तो बताएं, उच्च अधिकारियों से बात करेंगे। ये लापरवाही नहीं चलेगी।