फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में कबाड़ में पड़े ढक्कन।
फतेहाबाद। नगर परिषद शहर में सफाई को लेकर व्यवस्था नहीं बना पा रही है। हालात ये है कि शहर में खुले में कचरा फेंका जा रहा है। नगर परिषद प्रशासन शहर में डस्टबिन नहीं लगवा पाया है। तीन साल से डस्टबिन खरीदने की प्रक्रिया भी ठंडे बस्ते में है।
100 डस्टबिन खरीदने को लेकर तीन साल पहले एस्टीमेट बनाया गया था। अब हालात ये है कि परिषद फतेहाबाद ने वर्ष 2024 के स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पालिका भूना से डस्टबिन उधार लिए थे लेकिन इन्हें लगाने की जगह कबाड़ में फेंक रखा है।
हालात ये है कि डोर टू डोर कचरा उठान गाड़ियां भी समय पर नहीं आ रही है। सबसे ज्यादा गंदगी शहर के थाना रोड, हंस मार्केट में फैल रही है। कचरा फेंकने के लिए जगह न होने से खुले में फेंका जा रहा है। अब दोबारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 का शेड्यूल जारी हो गया है। इसमें सफाई व्यवस्था को लेकर सिटीजन फीडबैक का स्कोर भी रहेगा।