फतेहाबाद। मानसून का सीजन चल रहा है और लोक निर्माण विभाग ने बिना कुछ सोचे समझे ही भूना रोड पर सड़क को उखाड़ दिया। फतेहाबाद से भूना तक स्टेट हाईवे के लिए बनने वाली इस सड़क को लेकर विभाग ने जहां सड़क को उखाड़ दिया है, वहीं भूना रोड व ऑटो मार्केट के दुकानदारों में भारी रोष है। तीन दिन पहले भी स्थानीय नागरिक यहां पर सड़क खुदाई का विरोध कर चुके हैं। वहीं बारिश के दिनों में उनको यही डर सता रहा है कि अगर बारिश तेेज हुई तो यहां पर भारी जलभराव होगा, जिससे उनका काम धंधे पर भी असर पड़ेगा।
बता दें कि फतेहाबाद से सनियाना तक स्टेट हाईवे का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जाना है। फतेहाबाद लोक निर्माण की ओर से भूना तक 20 किलोमीटर की सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए विभाग ने सड़क उखाड़ने का काम भी आरंभ कर दिया है, लेकिन यह भी नहीं देखा की अभी मानसून का सीजन चल रहा है और बारिश में सड़क निर्माण भी नहीं हो पाएगा। शहर में भूना मोड़ से नए रेस्ट हाउस से आगे तक सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सड़क को तो उखाड़ दिया गया, लेकिन काम अभी शुरू नहीं हुुआ है, जिससे यहां के दुकानदार खासे परेशान हैं। संवाद
तीन दिन पहले किया था विरोध
विभाग की ओर से जब सड़क को दोनों ओर से उखाड़ा जा रहा था तो ऑटो मार्केट व भूना रोड के दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया। उनका कहना था कि एक ओर सड़क बन जाए, तभी दूसरी ओर सड़क उखाड़ी जाए, ताकि उनको परेशानी न हो। इसके बाद विभाग ने एक ओर से सड़क उखाड़ना आरंभ किया।
क्या कहते हैं स्थानीय दुकानदार और निवासी
बारिश के दिनों में भूना मोड़ व उनकी दुकानों के आगे पहले ही एक से दो फुट तक पानी जमा हो जाता है। अब सड़क उखाड़ दी गई है और बारिश के दिनों में यहां पर तीन से चार फुट तक पानी सड़क पर जमा होगा, जिससे हमारा धंधा चौपट होगा। साथ ही कीचड़ के कारण भी परेशानियां आएंगी।
-सचिन कंबोज, दुकानदार
विभाग को चाहिए था कि खुले मौसम में यहां पर सड़क का निर्माण किया जाए, लेकिन बिना सोचे समझे विभाग ने सड़क को उखाड़ दिया। जब तक बारिश का सीजन रहेगा, यह सड़क नहीं बनाई जा सकती, इससे दुकानदारों को नुकसान होगा।
-पवन कुमार, दुकानदार
हमारे सामने तो विभाग ने एक तरह से कब्र खोद दी है। सड़क निर्माण में ढिलाई बरती जाएगी, यह साफ दिखाई दे रहा है। विभाग कह रहा है कि उनके पास एक साल का समय है और भूना मोड़ से नए रेस्ट हाउस तक बनने वाली इस सीसी सड़क का पता नहीं की कब काम आरंभ होगा।
-छोटू राम
वैसे ही हम मंदी के दौर से गुजर रहे हैं। भूना मोड़ व भूना रोड पर अधिकांश मिस्त्रियों की दुकानें हैं। यहां पर सड़क खुुदी होने के कारण वाहन चालक भी उनसे काम करवाने में संकोच करेंगे। ऐसे में हमको भारी नुकसान होगा। विभाग को चाहिए कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण किया जाए।
-अंकूश छाबड़ा
कोट
भूना मोड़ पर सीसी सड़क का निर्माण किया जाना है। इसके आगे स्टेट हाईवे का काम आरंभ होगा। मानसून का सीजन लगभग जाने वाला है, इसलिए ही सड़क को तोड़ा गया है। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
-गितेंद्र कुमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, फतेहाबाद।