फतेहाबाद। शहर के हिसार रोड से भूना तक बनी नई सड़क में लगी लोहे की ग्रिलें गायब होने से सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ी की गई इस सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने किया था। निर्माण से पहले नए रेस्ट हाउस तक लगीं लोहे की ग्रिलें उखाड़ी गई थीं, लेकिन अब तक इन्हें दोबारा नहीं लगाया गया है।
नगर परिषद ने लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा और ग्रिलें लगाने की मांग की। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट कर दिया कि लोहे की ग्रिलें नगर परिषद को सौंप दी गई हैं और इन्हें लगाने की जिम्मेदारी नगर निकाय की है। इस पर दोनों विभाग आमने-सामने हैं। ऐसे में ग्रिल लगाने में पेंच फंसा हुआ है।
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि रोड पर ऑटो मार्केट और अन्य मुख्य मार्ग जैसे खेमा खाती रोड और ब्रह्माकुमारी आश्रम रोड जुड़े हैं। ग्रिल न होने से वाहन और पैदल चलने वालों के लिए हादसों का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने इन्हें लगवाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
-
आखिर लाइटें भी नगर परिषद को लगानी पड़ीं
लाइटों को लेकर भी करीब डेढ़ साल तक नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग में पेच फंसा रहा। आखिर में नगर परिषद को ही यहां पर पुराने खंभे लगाकर लाइटें लगानी पड़ी थी। निर्माण के दौरान उतारे गए खंभों की संख्या ज्यादा थी। बाद में कई खंभे गायब भी मिले।
- -
भूना रोड पर ग्रिलों को लोक निर्माण विभाग ने उखाड़ा था, अब उनके उन्हीं के द्वारा लगाया जाना है। इस संबंध में लगातार शिकायतें आ रही हैं और हादसों की भी आशंका रहती है। ग्रिल लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
-नरेंद्र पंवार, एमई, नगर परिषद
-
भूना रोड पर ग्रिल का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। संबंधित जेई से इस संबंध में जानकारी ली जाएगी।
-संदीप सचदेवा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग
-
भूना रोड पर लोहे की ग्रिलों को नगर परिषद के जेई को हैंडओवर करवा चुके हैं। नगर परिषद ने ही पहले यहां पर ग्रिल लगवाई थी और दोबारा भी वहीं लगवाएंगे।
- जसवंत सिंह, जेई, लोक निर्माण विभाग