फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 को

Wed, 11 Nov 2026 10:51 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत जिले के 50,568 मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का एक और अवसर मिलेगा। ये मतदाता अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे (एएसडीडी) श्रेणी में चिह्नित हैं।
विज्ञापन

गणना फॉर्म नहीं मिलने के कारण इनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे। दावे और आपत्तियां दर्ज करवाने की अंतिम तिथि 20 नवंबर है। अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित होगी।
इस संबंध में बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने की। उन्होंने बताया कि जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 50,568 मतदाता एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं।
विज्ञापन

इनमें टोहाना विधानसभा क्षेत्र के 11,909, फतेहाबाद के 20,796 और रतिया के 17,863 मतदाता शामिल हैं। श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार 8,683 मतदाता अनुपस्थित, 21,110 स्थानांतरित और 18,158 मृत श्रेणी में हैं। इसके अलावा 2,224 दोहरे और 393 अन्य श्रेणी के मतदाता चिह्नित किए गए हैं।
-
मतदान केंद्रों और वेबसाइट पर उपलब्ध होंगी सूचियां
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एएसडीडी मतदाताओं की बूथवार सूचियां संबंधित मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों और शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों के सूचना पट्ट पर लगाई जाएं। ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी पढ़ने योग्य पीडीएफ प्रारूप में उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का निवास स्थान नहीं बदला है वे स्व-घोषणा आधारित गणना फॉर्म (अनुलग्नक-ए) के साथ अनुलग्नक-बी जमा करवा सकते हैं। ये दस्तावेज संबंधित ईआरओ, एईआरओ या बीएलओ के पास भौतिक रूप से दिए जा सकते हैं। ईसीआईनेट के माध्यम से ई-साइन करके ऑनलाइन जमा करवाने की सुविधा भी है।

बेघर मामले में सत्यापन रिपोर्ट होगी निवास का प्रमाण
राज्य के भीतर दूसरे विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित हुए मतदाताओं को नए क्षेत्र के ईआरओ या एईआरओ के पास गणना फॉर्म के साथ अनुलग्नक-सी और नए निवास का प्रमाण देना होगा। बेघर व्यक्तियों के मामले में बीएलओ की क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट को निवास प्रमाण माना जाएगा। मतदाता आयोग के पोर्टल या ईसीआईनेट एप से अपने पुराने ईपीआईसी नंबर का इस्तेमाल करके भी फॉर्म डाउनलोड और जमा कर सकते हैं। अधिकारियों को निर्धारित समय में सभी दावे और आपत्तियां निपटाने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें