फतेहाबाद। गांव भूथनकलां में जलघर के बाहर धरना देते ग्रामीण। ग्रामीण
फतेहाबाद। गांव भूथनकलां में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर ग्रामीणों ने शनिवार को जलघर के बाहर धरना दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने नई मोटर लगाने और स्टोरेज टैंक बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
जनसभा के जिला प्रधान पवन कुमार, रोशन कुलड़िया, सूबे सिंह मायल, चांदीराम, विक्की सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शनिवार सुबह जलघर के बाहर पहुंचे। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पुरानी मोटर बदलने और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि जलघर की मोटर पिछले तीन दिनों से खराब है। इसके कारण गांव में पानी की सप्लाई प्रभावित है। ग्रामीणों के अनुसार जलघर में करीब 50 साल पुरानी मोटर लगी है। लंबे समय से इसे बदला नहीं गया है। मोटर में बार-बार खराबी आने से पेयजल आपूर्ति बाधित होती रहती है। धरने की सूचना मिलने पर विभाग के एसडीओ भागीरथ और जेई नवीन मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या सुनी। उन्होंने जलघर में स्टोरेज टैंक बनवाने और पुरानी मोटर बदलने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने पेयजल आपूर्ति जल्द सुचारु करने का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।