जयदीप बराला को ज्ञापन देते हुए किसान। संवाद
टोहाना। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसानों ने रता खेड़ा बस अड्डे पर एकत्र होकर राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला के निवास के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रेड डील को रद्द करने की मांग की।
प्रदर्शन की अगुवाई भारतीय किसान यूनियन (नैन गुट) हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर घासी राम नैन ने की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए डीएसपी जय भगवान और सदर थाना प्रभारी साधुराम के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। किसानों ने कहा कि प्रस्तावित कृषि ट्रेड डील छोटे और सीमांत किसानों के हितों के खिलाफ है जिससे कृषि व्यवस्था और किसानों की आय प्रभावित हो सकती है।
प्रदर्शन के बाद किसानों ने राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के भतीजे जयदीप बराला को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।