रतिया में धरनास्थल पर ढोल बजवाते हुए किसान
रतिया। भारतीय किसान यूनियन खेती बचाओ की ओर से नायब तहसीलदार विचित्र नंद की कार्यप्रणाली के विरोध और उनके तबादले की मांग को लेकर तहसील कार्यालय में शुरू किया गया धरना शुक्रवार तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए ढोल-नगाड़े बजाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष राजविंदर चहल और प्रवक्ता राम ने संबोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन दिनों से किसान अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा की प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। उन्हें जगाने के लिए ही हमने ढोल-नगाड़े बजाने का फैसला लिया।
किसानों ने ढोल बजाते हुए एसडीएम कार्यालय की ओर कूच करने की तैयारी की तो एसडीएम सुरेंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की मांगों को सुना और उनका मांग पत्र लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस बारे में सरकार को फिर से रिमाइंडर भेजा जाएगा।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि जब तक नायब तहसीलदार का तबादला नहीं हो जाता धरना समाप्त नहीं होगा। यदि नायब तहसीलदार ड्यूटी पर आते हैं तो उन्हें कार्यालय में बैठने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर बेगराज, तजिंदर औजला, सतनाम ढिलो, मदन बिजारनिया आदि मौजूद रहे।