फतेहाबाद। शहर के मुख्य चौकों में शामिल बीघड़ रोड के चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या प्रमुख है। बीघड़ चौक पर यातायात व्यवस्था बनाने के लिए यातायात लाइट लगाने की जरूरत है। बीघड़ चौक पर यातायात लाइट न लगी होने से वाहन चालक जल्दबाजी के चक्कर में जाम की स्थिति पैदा कर देते हैं।
इससे वाहन चालकों को परेशानी होने के साथ-साथ हादसे होने की भी आंशका बनी रहती है। शहर के सबसे व्यस्त चौक में शामिल बीघड़ चौक पर लालबत्ती लगाने का प्रस्ताव पिछले सात सालों से सिरे नहीं चढ़ पा रहा सका है। इसके लिए सबसे पहले नगर परिषद के पूर्व प्रधान दर्शन नागपाल ने लालबत्ती लगाने का प्रस्ताव 2018 में रखा था। इसके बाद प्रधान दर्शन नागपाल का कार्यकाल समाप्त हो गया। उसके बाद यह प्रस्ताव पास होने का अभी तक लोगों को इंतजार है। इस चौक पर रोजाना जाम लगता है। सुबह व दोपहर के समय स्कूल बसों के कारण जाम लगता है।
वहीं शाम के समय वाहनों की संख्या ज्यादा होने के कारण भी जाम की स्थिति रहती है। इसको लेकर बीघड़ रोड के दुकानदार योगेश शुक्ला, सन्नी भाटिया, जुगल आनंद, पवन कुमार, राधेश्याम आदि ने बताया कि जाम लगने से रोजाना परेशानी होती है। ऐसे में मांग है कि इस चौक पर भी पुलिस पोस्ट व लालबत्ती लगाई जाए। ताकि वाहनों चालकों को परेशानी न हो सके।
-
पुलिस तैनात होने के बाद भी लगता है जाम
- शहर के बीघड़ चौक पर पुलिस विभाग की ओर से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात किए हैं, लेकिन कई बार ये पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को राम भरोसे छोड़ कर साइड में बैठ जाते हैं। इसके बाद जाम लगने के बाद ही वो उठकर आते हैं। वहीं कई बार एक ही पुलिसकर्मी के हाथ में पूरी यातायात व्यवस्था है। इस कारण वाहन चालक भी इसका फायदा उठाते हैं और यही जाम का कारण बनता है। दुकानदारों ने कहा कि पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ानी चाहिए।
प्रधान ने पहली बैठक में रखा था प्रस्ताव
- शहर के बीघड़ चौक पर लालबत्ती लगाने का काम ठंडे बस्ते में ही है। नगर परिषद हाउस की पहली बैठक हुई थी, तब भी पार्षदों ने बीघड़ चौक पर लालबत्ती लगाने के लिए प्रस्ताव रखा लेकिन उसके बाद से प्रधान-उपप्रधान विवाद के कारण यह कार्य पूरा नहीं हो पाया।
शहर के बीघड़ चौक पर लालबत्ती लगाई जाएगी। लालबत्ती लगाने को लेकर अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। हाउस की बैठक होगी तो बीघड़ चौक पर लालबत्ती लगाने का प्रस्ताव पास करवाया जाएगा।