टोहाना के प्रॉपर्टी डीलर का शव रविवार सुबह जाखल रेलवे स्टेशन पर पड़ा मिला।
शव को देख वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर की जांच शुरू तो पता चला कि उसने जहर का सेवन किया हुआ था। पुलिस को मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला।
सुसाइड नोट में उसने दो प्रॉपर्टी डीलरों को मौत का जिम्मेदार बताया है। रेलवे पुलिस ने टोहाना के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने एक व्यक्ति के शव को देखा तो इसकी जानकारी रेलवे पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर जाकर मृतक युवक के कपड़ों की जांच की तो उसमें से एक सुसाइड नोट निकला। मृतक की पहचान बस स्टैंड के पास, आजाद नगर निवासी ओम प्रकाश के रूप में की गई।
जांच में पाया कि प्रॉपर्टी डीलर ने जहर खाया हुआ था। सुसाइड नोट में ओमप्रकाश ने टोहाना के प्रॉपर्टी डीलर पवन और तरसेम को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है।
बताया गया है कि ओम प्रकाश और दोनों प्रॉपर्टी डीलरों के साथ पिछले काफी समय से पैसों का लेन-देन चल रहा था। रेलवे पुलिस ने धारा 306 और 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओम प्रकाश के पुत्र विरेन्द्र ने कहा कि मेरे पिता की जेब से सुसाइड नोट मिला है जिसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले में रेलवे पुलिस अधिकारी भीम सेन ने बताया कि सूचना मिली थी कि जाखल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1 पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, पुलिस उन्होंने अधिकारियों को भेज कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव की पिछली जेब में एक सुसाइड नोट मिला है,
जिसमें टोहाना के प्रॉपर्टी डीलर पवन और तरसेम का नाम लिखा है कि मेरी आत्महत्या के जिम्मेदार दोनों हैं। जाखल रेलवे पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।