समाधान शिविर की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक में उपस्थित एडीसी अनुराग ढालिया व अन्य विभागों के अधिका
फतेहाबाद। जिला प्रशासन की ओर से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार को नगर एवं ग्राम नियोजन, शहरी संपदा विभाग और ऊर्जा विभाग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समाधान शिविरों में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली नागरिकों की प्रत्येक शिकायत का तत्परता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों की लंबित शिकायतों की रिपोर्ट लेते हुए उन्हें जल्द से जल्द निपटान करने के निर्देश दिए।
वीसी उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। प्रत्येक शिकायत के निपटान के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट को समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है।
बैठक में एसडीएम राजेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता एसएस रॉय, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, डीएसपी कुलवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।