फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में एक ही कक्ष में शिशु रोग विशेषज्ञ और ईएनटी मरीजों की जांच करते ह
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में भवन सुंदीरकरण और मरम्मत कार्य के चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा डॉक्टरों के कक्षों में निर्माण कार्य शुरू किए जाने के कारण विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी व्यवस्था प्रभावित हो गई है। हालात ऐसे हैं कि अब एक ही कक्ष में दो-दो विशेषज्ञ की ओपीडी चल रही है। वहीं, बुधवार को आयोजित होने वाले दिव्यांग जांच शिविर को भी ब्लड बैंक में स्थानांतरित करना पड़ा है।
मंगलवार को ईएनटी विशेषज्ञ की ओपीडी बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में चलाई गई, जबकि सर्जन को एसएमओ कक्ष में मरीजों का इलाज करना पड़ा। दंत रोग विशेषज्ञ की ओपीडी भी बाधित रही। इसके बावजूद मंगलवार को अस्पताल में करीब 1100 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। एसएमओ कार्यालय ने दो माह पहले ही एनक्वास मानकों के तहत मरम्मत कार्य करवाए थे, जिसमें रंग-रोगन, डॉक्टरों के कक्षों की गैलरी में व्यवस्था, साइनबोर्ड आदि शामिल थे।
इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग द्वारा अचानक से नए निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए। लोक निर्माण विभाग ने अस्पताल भवन के सुंदरीकरण के लिए करीब 6 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। इसमें से 4 करोड़ रुपये भवन की मरम्मत व निर्माण पर और 2 करोड़ रुपये बिजली व्यवस्था पर खर्च किए जाने हैं। विभाग द्वारा बीते सप्ताह ही बिना पूर्व सूचना के कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे अस्पताल प्रशासन असहज महसूस कर रहा है
-
नागरिक अस्पताल में सुंदरीकरण के काम चल रहे हैं। कुछ दिन दिक्कत रहेगी, लेकिन बाद में व्यवस्था बेहतर हो जाएगी। - डॉ. बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद