फतेहाबाद। जिले में सोमवार से बढ़े हुए कलेक्टर रेट लागू कर दिए गए हैं, इसके बावजूद भी रजिस्ट्री नहीं हो पाई। वेबसाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण फतेहाबाद के रजिस्ट्री कार्यालय में लगातार दूसरे दिन भी रजिस्ट्रियां शुरू नहीं हो पाईं।
इसके कारण रजिस्ट्री से संबंधित कार्य के लिए ई-दिशा कार्यालय में पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को कुल 28 टोकन काटे गए, जिसमें से 15 टोकन रजिस्ट्री के लिए थे। गौरतलब है कि जिले में राजस्व विभाग की ओर से कलेक्टर रेट में 8 से लेकर 16.67 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके कारण रजिस्ट्री कार्यालय में रजिस्ट्री के लिए काटे जाने वाले टोकनों की संख्या में कमी दर्ज हुई है। ऐसे में पहले जहां औसतन 60 टोकन काटे जाते थे, वहीं अब एक दिन में 20 से 30 के बीच टोकन काटे जा रहे हैं।
शहर के कई हिस्सों में बढ़ी कीमत
शहर में कई ऐसे हिस्से हैं, जहां पर पहले से ही प्रति वर्ग गज भूमि की लाखों रुपये कीमत है, ऐसे में यहां के अब नए कलेक्टर रेट भी 45 से 55 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। इनकी वजह से संपत्ति के दामों में काफी उछाल आया है। इसके साथ ही व्यवसायिक संपत्ति की खरीद के लिए भी अब ज्यादा दाम चुकाने होंगे। वहीं ग्रामीण क्षेत्र की लिंक सड़क के दोनों और लगती जमीनों की कीमत में काफी उछाल दर्ज हुआ है।
फतेहाबाद के कार्यालय में रोजाना होती हैं 50 रजिस्ट्रियां
फतेहाबाद के रजिस्ट्री कार्यालय में सामान्य दिनों में औसतन 50 के लगभग रजिस्ट्रियां होती हैं। लेकिन पिछले दो दिनों से वेबसाइट में तकनीकी खराबी के चलते कोई रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं इस कारण सरकारी राजस्व में भी काफी नुकसान हुआ है।
वेबसाइट पर देरी से अपलोड हुए प्रस्तावित कलेक्टर रेट
राजस्व विभाग की ओर से जिले में वर्ष 2025 के लिए भूमि की बढ़े हुए कलेक्टर रेट राजस्व विभाग की वेबसाइट पर देरी से अपलोड हो सके हैं। इसका कारण सोमवार को रजिस्ट्री वेबसाइट पूरी तरह से प्रभावित रहना है।
-
तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री से संबंधित कार्य के लिए आया था। यहां आने पर पता चला कि तकनीकी खामी के चलते रजिस्ट्रियां नहीं हो रही हैं। इसके कारण मुझे बिना रजिस्ट्री करवाए ही घर लौटना पड़ रहा है। - बलिंद्र सिंह, गांव मानावाली।
-
पिछले दो दिनों से लगाता रजिस्ट्री कार्यालय में रजिस्ट्री करवाने के लिए आ रहा हूं। लेकिन मुझे यहां पहुंचने पर बताया गया कि वेबसाइट नहीं चल रही है। इसके कारण मेरी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। अब इसके लिए फिर से चक्कर काटने पड़ेंगे।
- सुरेश कुमार, गांव ढिंगसरा।
फतेहाबाद के रजिस्ट्री कार्यालय में अपने पूरे परिवार और रिश्तेदारों के साथ ई-दिशा केंद्र में पहुंचा हूं। लेकिन वेबसाइट नहीं चल पाने के कारण मेरा रजिस्ट्री संबंधी काम नहीं हो सका। इससे मुझे परेशानी का सामना करना पड़ा है।
- पवन कुमार, गांव भोडा होशनाक