फतेहाबाद। शहर में बेसमेंट में चल रहे शिक्षण कोचिंग सेंटरों पर नगर परिषद ने कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर परिषद के बिल्डिंग ब्रांच ने पहले सर्वे शुरू किया है। सर्वे के दौरान बेसमेंट में जो भी कोचिंग सेंटर मिलेगा उसे नोटिस जारी होगा।
इसके अलावा मॉडल टाउन क्षेत्र में चल रहे कोचिंग सेंटरों को बंद करवाने के लिए नगर परिषद एचएसवीपी को पत्र लिखेगा। शहर में करीब 20 से ज्यादा कोचिंग सेंटर बेसमेंट में चल रहे हैं। इसमें मुख्य तौर पर मॉडल टाउन क्षेत्र में बेसमेंट में सेंटर खोलकर युवाओं को पढ़ाया जा रहा है।पिछले दिनों दिल्ली में बेसमेंट में हुई घटना के बाद नगर परिषद ने ये कार्रवाई शुरू की है।
अधिकारियों की माने तो बेसमेंट का प्रयोग सिर्फ सामान का स्टॉक करने के लिए किया जा सकता है और इसके लिए भी मंजूरी जरूरी है। लेकिन शहर में कई जगहों पर बेसमेंट में ही शिक्षण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी या फिर कंप्यूटर सेंटर खोलकर बच्चों को पढ़ाया जा रहा है।
-हालात ये है कि अग्निशमन यंत्र तक नहीं लगे
शहर में खासकर मॉडल टाउन क्षेत्र में बेसमेंट में सेंटर खोले गए हैं। कई की स्थिति यह है कि उनमें आने-जाने का रास्ता एक ही है। इसके अलावा कई जगहों पर आग लगने की स्थिति में उसे बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र भी नहीं लगे हैं।
-बेसमेंट में चल रहे बैंक्वेट हॉल
शहर के कई रेस्टोरेंट में बेसमेंट में बैंक्वेट हॉल भी खुले हुए हैं। इसमें कार्यक्रम आदि होते है लेकिन सुरक्षा को लेकर यहां भी व्यवस्था नहीं है। अधिकतर हॉल में अग्निशमन यंत्र तक नहीं लगे हैं।
- अवैध बिल्डिंग निर्माण को लेकर शुरू होगा सर्वे
नगर परिषद की भवन शाखा अवैध बिल्डिंग निर्माण को लेकर भी सर्वे करने जा रही है। अवैध भवन निर्माण को लेकर आ रही शिकायतों के चलते नगर परिषद प्रशासन ने ये फैसला लिया है। अधिकारियों की माने तो टीम का गठन हुआ था लेकिन उसमें शामिल अधिकतर कर्मचारियों का एचएसएससी के जारी हुए परिणाम में दूसरे पदों पर चयन हो गया। इसके चलते सर्वे प्रभावित हो गया। अब नए सिरे से टीमों का गठन करके सर्वे करवाया जाएगा।
- नगर परिषद की भवन शाखा के द्वारा बेसमेंट में चल रहे शिक्षण कोचिंग सेंटरों को लेकर सर्वे किया जा रहा है। जहां भी बेसमेंट में सेंटर चलता मिलेगा उसके संचालक को नोटिस दिया जाएगा।
- सुरेंद्र कुमार, ईओ, नगर परिषद, फतेहबाद।