फतेहाबाद। नगर परिषद शहर के 9 वार्डों में आउटसोर्सिंग पर सफाई कर्मचारी रखने जा रहा है। हाउस बैठक में पार्षदों द्वारा प्रस्ताव पास करने के बाद नगर परिषद ने इसको लेकर प्लान तैयार किया है। अधिकारी अब इन वार्डों में कर्मचारी रखने को लेकर प्रस्ताव तैयार करके जिला नगर आयुक्त के पास भेजेगा। अगर डीएमसी से मंजूरी मिलती है तो इन वार्डों में आउटसोर्सिंग से कर्मचारी रखे जाएंगे। इन वार्डों के 20 किलोमीटर क्षेत्र में करीब 50 कर्मचारी आउटसोर्सिंग पर रखने की तैयारी है। नगर परिषद के पास अभी फिलहाल 156 कर्मचारी काम कर रहे हैं।
नगर परिषद की सीमा बढऩे के बाद नई कॉलोनियों में फिलहाल सफाई नहीं हो रही है। पार्षदों द्वारा बार-बार अधिकारियों के सामने शिकायतें रखी जा रही थीं लेकिन अधिकारी कर्मचारी न होने का हवाला देकर समस्या का समाधान से इन्कार कर रहे हैं। इसको लेकर नगर परिषद की हाउस बैठक में आउटसोर्सिंग के तहत कर्मचारी रखे जाने का प्रस्ताव पास किया गया। वीरवार को जिला नगर आयुक्त अजय चोपड़ा ने नगर परिषद के प्रधान राजेेंद्र सिंह खिंची, ईओ ऋषिकेश चौधरी व वार्ड पार्षदों के साथ मंथन किया। जिला नगर आयुक्त ने अधिकारियों से इसको लेकर प्रस्ताव मांगा।
वहीं शहर में से सोमवार को एजेंसी बंदर पकड़ने का काम शुरू कर देगी। जिला नगर आयुक्त ने इसको लेकर मंजूरी दे दी है। नगर परिषद अधिकारियों ने टेंडर अलॉट को लेकर डीएमसी के पास फाइल भेजी थी। जिला नगर आयुक्त ने टेंडर को लेकर फाइनेंस कमेटी की मंजूरी मांगी थी। वीरवार को टेंडर वर्क ऑर्डर की मंजूरी दे दी है। सोमवार से एजेंसी काम शुरू कर देगी।
9 वार्डों में एजेंसी करवाएगी सफाई
नगर परिषद ने आउटसोर्सिंग पर कर्मचारी रखने को लेकर नक्शा तैयार किया है। जिसमें वार्ड नंबर 11 से 16 और वार्ड नंबर 19,20 और 21 को शामिल किया गया है। नगर परिषद ने इन वार्डों को मिलाकर एक एरिया तैयार किया है। जिसमें निजी एजेंसी सफाई का काम संभालेगी।
रुके प्रोजेक्ट को शुरू करने पर मंथन
सीएम घोषणा में शामिल चिल्ली सुंदरीकरण प्रोजेक्ट के लिए नगर परिषद निजी जमीन खरीदेगी। डेढ़ साल से रुके प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए वीरवार को नगर परिषद में हुई बैठक में इसको लेकर भी मंथन किया गया। अधिकारियों ने डीएमसी को कहा कि चिल्ली झील के पास कुछ निजी लैंड है इसके चलते पानी निकासी की पाइप लाइन डालने का काम रुका हुआ है। डीएमसी ने कहा कि कलेक्टर रेट के अनुसार ये जमीन खरीद सकते हैं। जमीन खरीदने के बाद चिल्ली सुंदरीकरण का प्रोजेक्ट शुरू किया जाए ताकि मानसून में दोबारा दिक्कत न आ सकें। सीएम घोषणा के तहत इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 13 करोड़ रुपये जारी हो रखे हैं।
कोट
नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों और पार्षदों के साथ बैठक की गई है। पार्षदों ने सफाई न होने का मुद्दा रखा है। आउटसोर्सिंग पर कर्मचारी रखे जाने का प्लान है, इसको लेकर पार्षदों ने प्रस्ताव भी पास कर रखा है। जल्द ही टेंडर भी लगा दिए जाएंगे जो कि रुके हुए हैं। इसमें मुख्य तौर पर शौचालयों की सफाई और स्ट्रीट लाइट मरम्मत का टेंडर भी शामिल है।
-अजय चोपड़ा, जिला नगर आयुक्त