संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद/भूना/टोहाना/जाखल। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से जिले के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। टोहाना में 28 में से 25 फीडर बंद होने से शहर और गांवों में बिजली संकट गहरा गया। भूना में फीडर नंबर एक से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल रही। जाखल के गांव तलवाड़ा में आपूर्ति बाधित होने पर किसानों ने 132 केवी सब स्टेशन का घेराव किया। वहीं जिला प्रशासन ने आपूर्ति बहाल रखने और शिकायतों के समाधान के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमें गठित की हैं।
-
टोहाना में 28 में से 25 फीडर बंद
टोहाना में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से हिसार रोड स्थित 132 केवी सब स्टेशन के 18 में से 15 फीडर बंद रहे। इसके अलावा 33 केवी दमकोरा और चंडीगढ़ रोड के सभी फीडर ठप रहे। 132 केवी सब स्टेशन पर केवल फीडर नंबर 12, लोहाखेड़ा एपी और नागरिक अस्पताल फीडर चालू रहे। कन्हड़ी, समैण, बलियाला, नरवाना रोड, कमलवाला, शहर-1, 2 और 4, मेडिकल एंक्लेव तथा कोर्ट परिसर सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। दमकोरा के सात और चंडीगढ़ रोड के दस फीडर बंद होने से शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
-
भूना में फीडर नंबर एक से जुड़े उपभोक्ता परेशान
हड़ताल के कारण फीडर नंबर एक से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं की बिजली बुधवार रात 10 बजे से बाधित रही। लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से इनवर्टर भी बंद हो गए और पेयजल की समस्या बढ़ गई। लोगों को घरेलू कामकाज और मोबाइल फोन चार्ज करने में परेशानी हुई। हालांकि फीडर नंबर दो और तीन से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य बताई गई।
-
तलवाड़ा में बिजली बंद होने पर किसानों ने घेरा सब स्टेशन
गांव तलवाड़ा में करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर किसानों ने वीरवार देर शाम जाखल के 132 केवी सब स्टेशन का घेराव किया। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि केवल उनके गांव की बिजली जानबूझकर बंद की गई है। उन्होंने कहा कि खेतों में सिंचाई के लिए बिजली की जरूरत है। जाखल थाना प्रभारी बलराज और बिजली घर में नियुक्त अस्थायी कर्मचारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने बिजली बंद करने के आरोप से इनकार करते हुए ट्रिपिंग को आपूर्ति बाधित होने का कारण बताया।
-
बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमें गठित
बिजली हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन ने निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमें गठित की हैं। डीसी डॉ. विवेक भारती ने अधिकारियों और कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने तथा बिजली संबंधी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फतेहाबाद, रतिया, भट्टू, बड़ोपल, टोहाना, उकलाना, जाखल और भूना में टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक उपमंडल में एसडीओ, जेई और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। संबंधित एसडीओ को टीमों के समन्वय और कामकाज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।