फतेहाबाद। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का शनिवार को अंतिम दिन है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), गुरुग्राम ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की अंतिम तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
ऐसे में आठवीं कक्षा में पढ़ रहे पात्र विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन करना होगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से एनएमएमएसएस परीक्षा 29 नवंबर को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचना होगा।
परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा से 10 दिन पहले उपलब्ध होंगे। विद्यार्थी एससीईआरटी और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
एनएमएमएसएस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। विद्यार्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि का ध्यान रखते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
-
180 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
परीक्षा में दो भाग होंगे। मानसिक योग्यता परीक्षण में तर्कशक्ति, विश्लेषण और समस्या सुलझाने की क्षमता से जुड़े 90 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए 90 अंक निर्धारित हैं। वहीं, बौद्धिक योग्यता परीक्षण में विज्ञान के 35, गणित के 20 और सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न होंगे। इस भाग के भी 90 अंक होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को दोनों भागों में अलग-अलग 40 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को 32 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है।
ये विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
योजना के लिए हरियाणा के सरकारी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में आठवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी पात्र होंगे। विद्यार्थी ने सातवीं कक्षा सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय से कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो। अभिभावकों की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। निजी, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी आवेदन नहीं कर सकेंगे। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। आवेदन पत्र में जन्मतिथि आधार कार्ड के अनुसार ही दर्ज करनी होगी।
-
चयन के बाद छात्रवृत्ति के लिए करना होगा आवेदन
जिला गणित विशेषज्ञ रमेश कुमार का कहना है कि मेधावी विद्यार्थियों के लिए ये बेहतर योजना है। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को आगे छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए जून-जुलाई 2027 में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर आवेदन करना अनिवार्य होगा। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रक्रिया पूरी करनी होगी। योजना के तहत आरक्षण का लाभ भी नियमानुसार दिया जाएगा।
-
अब तक इन विद्यार्थियों का हुआ है चयन
वर्ष चयन
2020-21 216
2021-22 248
2022-23 232
2023-24 141
2024-25 143
2025-26 153