फतेहाबाद में डिजिटल ट्रांजेक्शन व कैश मैनेजमेंट को लेकर आयोजित शिविर में स्वयं सहायता समूह की म
फतेहाबाद। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब ग्रामीण स्तर पर बतौर पोस्टल बैंक सखी घर-घर जाकर डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देंगी। शुक्रवार को फतेहाबाद खंड कार्यालय में समूह की महिलाओं के लिए डाक विभाग की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 60 समूह की महिलाओं को डिजिटल ट्रांजेक्शन व कैश मैनेजमेंट के गुर सिखाए गए।
कार्यशाला के दौरान बोलते हुए पोस्ट मास्टर नरेश चौहान ने बताया कि आमजन डाक विभाग की स्कीमों से जुड़कर लाभ उठा सकते हैं। पोस्टल बैंक सभी प्रकार के खातों पर आकर्षक ब्याज दर दे रहा है। डिजिटल ट्रांजेक्शन व कैश मैनेजमेंट के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि डाक विभाग की अपनी खुद की एक पहचान है जिसका फायदा पोस्टल बैंक सखी उठाकर अपना अच्छा काम कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपनी 10 वर्ष से तक की बेटी का सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खुलवा सकती हैं और कोई भी लाभार्थी अपनी आमदनी के हिसाब से प्रीमियम भुगतान कर सकता है।
इस मौके पर डीएफएम सुभाष सैनी, पोस्टल बैंक मैनेजर विकास प्रसाद, बीपीएम नरेश कुमार, अर्चना, दीक्षा, पोस्टल इंस्पेक्टर देशराज सहित समूह की कई महिलाएं मौजूद रहीं।
पोस्टल बैंक सखी के लिए किया गया रजिस्ट्रेशन
जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतबीर ने बताया कि पोस्टल बैंक सखी के तौर पर स्वयं सहायता समूह की 60 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन किया गया है। समूह की महिला काम करेंगी वह अपने परिवार को आर्थिक समृद्धि की ओर अग्रसर कर सकती हैं। पोस्टल बैंक सखी का काम करते समय जिस भी प्रकार की आर्थिक सहयोग की जरूरत होगी, उस महिला को उसके समूह से प्राथमिकता के आधार पर ऋण दिलवाकर सहयोग किया जाएगा। समूह की सभी महिलाओं का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा व प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा करवाना जरूरी है।