फतेहाबाद। महाविद्यालयों में दाखिला लेने से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने एक बार फिर मौका दिया है। विभाग ने स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए प्रवेश पोर्टल दोबारा खोल दिया है। इच्छुक विद्यार्थी 6 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर दाखिला ले सकेंगे।
इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिली है जो निर्धारित समय में आवेदन या दाखिला प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। जिले में उच्चतर शिक्षा विभाग के अधीन कुल 11 महाविद्यालय हैं। इनमें स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। दाखिला प्रक्रिया के दौरान विभिन्न कारणों से प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों को पोर्टल दोबारा खुलने से अपनी पढ़ाई शुरू करने का एक और अवसर मिला है।
विभाग की ओर से प्रथम वर्ष की स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले के लिए पोर्टल खोला गया है। विद्यार्थी अपनी इच्छानुसार संबंधित महाविद्यालय और उपलब्ध पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम, बीएससी सहित अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे।
इसी प्रकार स्नातकोत्तर स्तर पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश का अवसर दिया गया है। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से भी विद्यार्थियों को दाखिला प्रक्रिया और अंतिम तिथि के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
-
40 फीसदी सीटें अभी भी खाली
जिले के 11 महाविद्यालयों में अभी भी करीब 40 फीसदी सीटें खाली रह गई हैं। इन रिक्त सीटों को भरने के उद्देश्य से उच्चतर शिक्षा विभाग बार-बार प्रवेश पोर्टल खोल रहा है। जिले में करीब 6 हजार विद्यार्थियों ने पोर्टल पर दाखिले के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवाया था। इनमें से करीब 4800 विद्यार्थियों ने ही दाखिला करवाया है। पोर्टल के खुलने से ऐसे विद्यार्थियों को भी अवसर मिलेगा जो पहले किसी कारण से दाखिला नहीं ले पाए थे।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए प्रवेश पोर्टल दोबारा खोल दिया है। जो विद्यार्थी पहले किसी कारण से दाखिला नहीं ले पाए थे वे अब 6 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर दाखिला ले सकेंगे।
- गुरचरण दास, प्राचार्य, एमएम काॅलेज, फतेहाबाद।