फतेहाबाद। जिले में पिछले एक सप्ताह से फसल अवशेष जलने के मामले बंद हो चुके हैं। इससे पर्यावरण के स्तर में सुधार दर्ज हुआ है। इस कारण पिछले चार दिन से एक्यूआई में लगातार सुधार हो रहा है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 105 दर्ज किया गया।
अब हवा में धुएं की मात्रा बेहद कम हो गई है। हवा की गति 5 किलोमीटर प्रति घंटा रहने से स्मॉग की परत हट गई है। सोमवार की सुबह और शाम के समय लोग पार्कों में टहलने भी पहुंचे। वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में स्मॉग रूपी प्रदूषण से पूरी तरह से राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि जिले में पिछले करीब डेढ़ माह से लगातार जल रहे फसल अवशेष के कारण हवा बेहद खराब हो चुकी थी। इस बार वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 तक दर्ज किया गया है। इससे लोगों को सांस लेने में काफी परेशानी हुई।
पिछले एक सप्ताह में जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक
मंगलवार-194
बुधवार-186
वीरवार-243
शुक्रवार-156
शनिवार-156
रविवार-112
सोमवार-105
-
राज्य में हल्की गति से हवा चलने की संभावना से मंगलवार को आंशिक बादलवाही और वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से अलसुबह व रात्रि को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम धुंध या स्मॉग की स्थिति बनेगी। रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा दिन के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।
- डॉ. मदनलाल खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू हिसार।