गांव मेहूवाला और भट्टूकलां में पिछले कई दिनों से दूषित पेयजल सप्लाई होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिला। विभाग की अनदेखी के कारण यहां के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं जिससे अब इन गांवों में बीमारियां फैलने का भय बन गया है।
गांव मेहूवाला निवासी अश्वनी फौजी, उमेद देवड़ा, सतबीर सिंह, चन्द्रसेन हुड्डा आदि ने बताया कि गांव में सप्लाई होने वाले पेयजल की पाइप लाईन कई जगह से लीकेज है। गांव में कई क्षेत्रों में तो पेयजल सप्लाई पीने लायक भी नहीं है। पिछले कई दिनों से लोग इस समस्या से जूझ रहे है। वहीं भट्टू गांव निवासी जल सेवा समिति संस्थापक सत्यनारायण सांई, सतबीर सिंह, देवीलाल, महेंद्र, सोनू, लक्ष्य, दीपक ने बताया कि दूषित पेयजल इन दिनों गांव की सबसे बड़ी समस्या है। जल सप्लाई के शुरूआती दौर मे पानी काफी मटमैले रंग का आता है इसमें बदबू भी आती रहती है। इस गंदे पानी से गांव में बीमारी फैलने का भय भी बन गया है। लोगों द्वारा बार-बार विभाग को अवगत करवाने के बावजूद भी कार्रवाई होने के कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है। लोगों ने जिला प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।