पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला पैरोल मिलने के बाद दिल्ली से सिरसा जाते हुए बुधवार रात साढ़े 9 बजे फतेहाबाद के जाट धर्मशाला में इनेलो नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले। कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ अपने नेता का स्वागत किया। यहां पूर्व सीएम चौटाला ने कार्यकर्ताओं को राज ना आने का दुख मनाने की बजाए फिर से मेहनत में जुटने का संदेश दिया। चौटाला ने भाजपा पर तंज कसा कि 'थाम दिल तगड़ा राखो, राज आले थारे से भी माड़े हाल म्है हैं।
इस दौरान पंचायत चुनाव में विजयी रहे उम्मीदवारों को उन्होंने बधाई दी और हारे उम्मीदवारों की भी पीठ थपथपाई। बातों ही बातों में चौटाला ने स्थानीय नेताओं को जिप चेयरमैन चुनाव पर ध्यान देने को भी कहा। उन्होंने साफ कहा कि अगर इनेलो का जिप चेयरमैन बने तो सबसे बढ़िया, अगर ऐसी स्थिति ना बने तो उसको बनवाओ, जो बाद में तुम्हारे भी काम आए। उनका स्पष्ट संदेश था कि भाजपा समर्थित जिप चेयरमैन नहीं बनना चाहिए। इस मौके पर इनेला प्रदेश प्रवक्ता निशान सिंह, विधायक बलवान सिंह, रविंद्र बलियाला, मोलूराम, कुलजीत कुलडिया, बलविंद्र कैरों, विकास मेहता, राना जोहल आदि वरिष्ठ इनेलो नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।