भट्टू कलां(फतेहाबाद)। गांव ढांड में घर की सीढ़ी से नीचे उतरते समय गिरने से हरियाणा पुलिस में कार्यरत एक सिपाही की मौत हो गई। मृतक युवक का फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा कर शव उनके परिजनों को सौंप दिया। गांव में मृतक सिपाही का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस मामले में पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
गांव ढांड निवासी करीब 32 वर्षीय मांगेराम हरियाणा पुलिस फोर्थ बटालियन में बतौर सिपाही तैनात था। शनिवार शाम को ही अपने घर आया था। रात को वह अपने घर में बने चौबारे पर सो गया। रविवार सुबह चौबारे से उठकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान बारिश के कारण उनका पैर फिसल गया। अचानक पैर फिसलने की वजह से वह सीढ़ी से गिर गया। सिर में अधिक चोट होने से सिपाही की घर में ही मौत हो गई। फिलहाल उनकी ड्यूटी मधुबन में थी, इसको डबवाली जिला अलाॅट हो चुका था। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र नैन ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है।