मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल ट्रैफिक पुलिसकर्मी।
- फोटो : Fatehabad
सिरसा रोड पर डिवाइन पब्लिक स्कूल के पास बुधवार सुबह ट्रैफिक पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया तो बाइक चालक ने मुख्य सिपाही राजेंद्र पर मोटरसाइकिल चढ़ा दी। मोटरसाइकिल की टक्कर से एचसी राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लाया गया। हालत गंभीर होने पर यहां से प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने मोटरसाइकिल चलाने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। युवक चालान से बचने के लिए भागने का प्रयास कर रहे थे।
मामले के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस के एसआई दयानंद टीम के साथ सिरसा रोड पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान फतेहाबाद की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहे तीन युवकों को मुख्य सिपाही राजेंद्र ने रुकने का इशारा किया। टीम को देखकर युवक घबरा गए और तेज रफ्तार कर ली, इसके चलते मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और राजेंद्र को टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैफिक पुलिस की टीम घायल को नागरिक अस्पताल लेकर आई। यहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजेंद्र को रेफर कर दिया। हालांकि अभी तक पुलिस ने मामले में कोई शिकायत नहीं दी है।
पुलिस चालान काट रही थी तो मोटरसाइकिल सवार युवक ने टक्कर मार दी। पुलिसकर्मी घायल हुआ है उसे उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल ले जाया गया है। अभी तक मामले में शिकायत नहीं दी गई है। जांच की जाएगी कि टक्कर लगने का क्या कारण रहा है। -सुखबीर सिंह, ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज