फतेहाबाद। शहर के वाल्मिकी चौक में वीरवार सुबह हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट ने एक घर में दबिश देकर कमरे में रखे बेंच के नीचे कट्टे में से 9 किलो 700 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। मामले में पूछताछ में सामने आया कि डोडा पोस्त की हिसार से सप्लाई हुई थी और 39 हजार में बेचा गया था। मामले में शहर पुलिस ने डोडा पोस्त रखने के आरोपी वाल्मिकी चौक निवासी बूटासिंह और सप्लाई करने के आरोपी हिसार के गांव भाना निवासी सचिन के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले के मुताबिक हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट को गुप्त सूचना मिली कि वाल्मिकी चौक निवासी बूटा सिंह नशीला पदार्थ डोडा पोस्त की तस्करी करता है और उसके घर से बरामद हो सकता है। सूचना के आधार पर टीम ने बूटासिंह के घर पर दबिश दी। टीम ने नियम अनुसार मेन गेट के साथ बने कमरे में तलाशी ली तो लकड़ी के बेंच के नीचे से कट्टा बरामद हुआ। कट्टे में से 9 किलो 700 डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी बूटा सिंह ने पूछताछ में बताया कि यह डोडा पोस्त हिसार के भाना निवासी सचिन 39 हजार रुपये में बेचकर गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।