परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारी स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। धरना-प्रदर्शन, जुलूस या अचानक भीड़ जुटने जैसी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सोमवार को पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल कर अपनी तैयारियों को परखा। जनरल परेड के दौरान उप पुलिस अधीक्षक नरसिंह की देखरेख में जवानों ने भीड़ नियंत्रण का अभ्यास किया।
इस दौरान जवानों को अलग-अलग फॉर्मेशन में तैनात कर भीड़ नियंत्रण की स्थिति का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने जवानों के बीच बेहतर समन्वय, अनुशासन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर तत्काल कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। मॉक ड्रिल के दौरान अश्रु गैस से संबंधित उपकरणों के सुरक्षित संचालन की जानकारी भी दी गई।
जवानों को निर्देश दिए गए कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुसार ही किया जाए। कार्रवाई के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
उप पुलिस अधीक्षक नरसिंह ने कहा कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों को संयम और संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। पहले संवाद और समझाइश से स्थिति शांत करने का प्रयास हो तथा जरूरत पड़ने पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जनरल परेड में जवानों के टर्नआउट, अनुशासन और ड्यूटी तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया।